बस-कंटेनर की भिड़ंत, बाल-बाल बचे यात्री:कोहरे और साइन बोर्ड नहीं होने से मिट्टी के ढेर पर चढ़ी:NH-46 पर हादसा

Nikk Pandit
0

शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में NH-46 पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। यहां पूरनखेड़ी गांव के पास एक स्लीपर बस और कंटेनर में भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार यात्री बाल-बाल बच गए, हालांकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। घटना भगवती वेयरहाउस के पास ओवरब्रिज पर चल रहे मेंटेनेंस कार्य के कारण बनाए गए डायवर्जन पर हुई।

हादसा बुधवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। इंदौर से शिवपुरी जा रही फ्लाई बस सर्विस की स्लीपर कोच बस (MP07 ZY 8090) फोर-लेन पर रखे मिट्टी के ढेर पर चढ़ गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर (UP 21 CM 5371) ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बस में तेज झटका लगा, जिससे यात्रियों को हल्की चोटें आईं। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी।

चेतावनी बोर्ड पास होने से नहीं दिखा रास्ता

दुर्घटना का मुख्य कारण ओवरब्रिज मेंटेनेंस के चलते किया गया डायवर्जन बताया जा रहा है। सुबह के समय हल्का कोहरा और खराब मौसम था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एनएचएआई (NHAI) द्वारा चेतावनी साइन बोर्ड काफी नजदीक लगाए गए थे, जिससे चालकों को समय पर डायवर्जन का संकेत नहीं मिल सका और यह हादसा हो गया।

जनवरी में इसी बस सर्विस का दूसरा एक्सीडेंट

फ्लाई बस सर्विस की बस के साथ जनवरी महीने में यह दूसरी दुर्घटना है। इससे पहले 31 दिसंबर और 1 जनवरी की दरमियानी रात को भी कोलारस थाना क्षेत्र के भड़ौता ओवरब्रिज पर इसी ट्रेवल्स की बस की एक ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हुई थी। उस समय भी हादसे की वजह एनएचएआई की खराब सड़क व्यवस्था और वन-वे डायवर्जन को बताया गया था।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)