अतिक्रमण हटाने रात 10 बजे तक चली कार्रवाई:स्टेडियम की जमीन पर पूर्व विधायक का कब्जाः गेहूं की फसल बोई

Nikk Pandit
0

शिवपुरी जिले की मगरौनी नगर परिषद क्षेत्र में स्थित राम-जानकी स्टेडियम की शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। बुधवार रात करैरा एसडीएम अनुराग निगवाल के नेतृत्व में राजस्व अमला और तीन थानों का पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। दोपहर में शुरू हुई कार्रवाई देर रात करीब 10 बजे तक चली।

ईटीएस मशीन से हुआ सीमांकन

अभियान के दौरान शासकीय भूमि सर्वे नंबर 476 (1.35 हेक्टेयर) और सर्वे नंबर 479/1 व 479/2 (कुल 0.97 हेक्टेयर) का ईटीएस मशीन से सीमांकन किया गया। इसके लिए अलग-अलग तहसीलों के पटवारी और राजस्व अधिकारियों की विशेष टीम बनाई गई थी। सीमांकन के समय मौके पर कब्जा करने वालों की हल्की नोकझोंक भी हुई, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई जारी रखी।

पूर्व विधायक के कब्जे में मिली स्टेडियम की जमीन

सीमांकन में यह सामने आया कि पूर्व विधायक लाखन सिंह बघेल के कब्जे वाले हिस्से में करीब 20 से 25 फीट जमीन स्टेडियम की शासकीय भूमि है। इस जमीन पर गेहूं की फसल बोई गई थी। उल्लेखनीय है कि लाखन सिंह बघेल का राजनीतिक सफर बसपा से शुरू होकर कांग्रेस और फिर भाजपा तक रहा है। बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर 2003 से 2008 तक करैरा के विधायक रहे। हालांकि इसके बाद दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस में शामिल कराया था और बाद में वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए।

रात में पहुंचे विधायक

रात के समय करैरा से भाजपा विधायक रमेश प्रसाद खटीक भी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सीमांकन पूरा हो चुका है और जल्द ही शेष अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। राम-जानकी स्टेडियम के सौंदर्याकरण और विकास के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। नगरवासियों की लंबे समय से मांग रही है कि लगभग सात बीघा जमीन को अतिक्रमण मुक्त कर खेल गतिविधियों के लिए विकसित किया जाए।

राजनीतिक बयानबाजी भी आई सामने

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी ने सीमांकन के लिए विशेष दल गठित किया था। कार्रवाई के दौरान पूर्व विधायक लाखन सिंह बघेल ने बस स्टैंड, मेला ग्राउंड और काली माता मंदिर की जमीन पर हुए अतिक्रमण नहीं हटाने को लेकर सवाल उठाए। हालांकि, इस पर एडीएम ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)