सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 (NH-27) पर सोमवार शाम एक अज्ञात वाहन की टक्कर से लगभग तीन माह के तेंदुए के शावक की मौत हो गई। यह घटना खरई-तेंदुआ गांव के बीच तेंदुआ थाना क्षेत्र में हुई।
वन विभाग को सोशल मीडिया के माध्यम से इस घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक शावक के शव की तलाश करती रही। काफी देर तलाशी के बाद वन विभाग को तेंदुए का शव सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला।
अधिकारियों ने आशंका जताई है कि वाहन के दोबारा ऊपर चढ़ने से बचाने के लिए राहगीरों ने शव को सड़क से हटाकर झाड़ियों की ओर खींच दिया होगा।
तीन महीने का था तेंदुए का शावक
कोलारस वन परिक्षेत्र के रेंजर गोपाल जाटव ने बताया कि मृत तेंदुआ लगभग तीन माह का शावक था। शव को कोलारस रेंज कार्यालय में सुरक्षित रखवाया गया है। मंगलवार को डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सके।
वन विभाग ने अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के टोल प्लाजा और मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि दोषी वाहन चालक के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।