तीन जगहों से रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त:शिवपुरी में अवैध रेत भंडारण पर कार्रवाई

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी में कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग ने शहर में अवैध रेत भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की है। सोमवार को खनिज अधिकारी राम सिंह उईके के मार्गदर्शन में खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास ने खनिज दल के साथ विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिन भंडारणकर्ताओं के पास वैध भंडारण अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) संबंधी दस्तावेज नहीं पाए गए, उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर रेत और वाहन जब्त किए गए। इस दौरान तीन जगह से ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ाए।

कार्रवाई के तहत, फतेहपुर चौराहे के पास एक भंडारण स्थल पर जितेंद्र राजावत के खिलाफ अवैध रेत भंडारण का मामला दर्ज किया गया। मौके पर रॉयल्टी पारपत्र प्रस्तुत किए गए, लेकिन भंडारण अनुज्ञप्ति स्वीकृत नहीं होने के कारण विभाग ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली।

गिर्राज पेट्रोल पंप के पास स्थित एक अन्य भंडारण स्थल के निरीक्षण में संचालक सीताराम कुशवाह (ग्राम सीताराम) और उनके पार्टनर विजय सिंह राणा के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इन दोनों के पास न तो रॉयल्टी पारपत्र थे और न ही भंडारण अनुज्ञप्ति स्वीकृत पाई गई। विभाग ने मौके से रेत जब्त कर अवैध भंडारण का प्रकरण दर्ज किया।

इसी क्रम में, नमोनगर तिराहे पर फड़ संचालक रवि धाकड़ के भंडारण स्थल का निरीक्षण किया गया। यहां भी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसे अवैध भंडारण मानते हुए विभाग ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर मामला दर्ज किया।

जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी

जब्त किए गए सभी वाहनों को प्रकरण के निराकरण तक यातायात थाना की सुरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग ने संबंधित सभी भंडारणकर्ताओं के विरुद्ध खनिज भंडारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जुर्माने की कार्रवाई के लिए मामला कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)