जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी की रात प्रधान आरक्षक दीपचन्द्र और आरक्षक प्रताप सिंह गश्त पर थे। रात करीब 11:30 बजे हवाई पट्टी के सामने पहुंचे तो देखा कि "महाकाल" नाम का डीजे अत्यधिक तेज आवाज में बजाया जा रहा था, जिसकी आवाज आसपास के क्षेत्र में काफी दूर तक जा रही थी।
डीजे की परमिशन भी नहीं ली
पुलिस ने डीजे संचालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम कुशाल सिंह (21) निवासी बड़ा बाजार, पुरानी शिवपुरी बताया। जांच में उसके पास डीजे चलाने की कोई वैध अनुमति नहीं मिली। तेज आवाज में डीजे बजाकर सुप्रीम कोर्ट की ध्वनि संबंधी गाइडलाइन का उल्लंघन पाए जाने पर उसके खिलाफ म.प्र. कोलाहल अधिनियम की धारा 15 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने मौके से डीजे मिक्सर मशीन और एक एम्प्लीफायर जब्त कर पंचनामा तैयार किया। चूंकि अपराध में सजा सात वर्ष से कम है, इसलिए आरोपी को नोटिस देकर न्यायालय में उपस्थित होने की समझाइश दी गई। मामले की जांच जारी है।
शादी सीजन में बढ़ रही परेशानी
इन दिनों शहर में शादी समारोहों के कारण कई जगह जाम की स्थिति बन रही है। बारातों के दौरान सड़कों पर शोर-शराबा और अव्यवस्था देखने को मिल रही है। कई बार एंबुलेंस और अस्पताल जा रहे मरीज भी जाम में फंस जाते हैं।
गौरतलब है कि इस समय 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं भी चल रही हैं। ऐसे में तेज ध्वनि से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने और बिना अनुमति डीजे न बजाने की अपील की है।