जनसुनवाई में रोजगार की भी उठी मांग, खेल सुविधाएं और धार्मिक स्थलों से जुड़ी परेशानी भी बताई:बिजली, पानी, अतिक्रमण की शिकायत लेकर पहुंचे पीड़ित

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी में मंगलवार को जनसुनवाई में जिले के अलग-अलग तहसीलों और ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित सुनवाई में बिजली, पानी, अतिक्रमण, रोजगार, शिक्षा, खेल सुविधाएं और धार्मिक स्थल से जुड़े मामलों सहित कई दूसरे मुद्दों पर शिकायतें आईं।

अमरपुर में बिजली और पानी की समस्या

जनपद पंचायत कोलारस के वार्ड- 14 के जनपद सदस्य द्वारा ग्राम पंचायत कुम्हरौआ के ग्राम अमरपुर के राछीपुरा मोहल्ला, काली माता मंदिर के पास एवं अमरपुर कॉलोनी में डीपी स्थापना और नए हैंडपंप स्वीकृत करने की मांग की गई।

आवेदन में बताया गया कि क्षेत्र में 11 केवी लाइन का खंभा क्षतिग्रस्त है। आंधी-तूफान की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है। बिजली की सप्लाई बाधित होने से पानी की समस्या निर्मित हो गई है। लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है।

बलारी माता मंदिर पर दुकानदारों की गुहार

बलारी माता मंदिर परिसर में करीब 20 साल से प्रसाद और मनिहारी की दुकान लगाने वाले 25-30 दुकानदारों ने वन विभाग के गेट प्रभारी पर मनमानी और भेदभाव का आरोप लगाया। दुकानदारों का कहना है कि सप्ताह में केवल सप्तमी के दिन दुकान लगाकर वे परिवार का भरण-पोषण करते हैं, लेकिन पिछले दो माह से उन्हें रोका जा रहा है।

कुछ लोगों को कथित रूप से सुविधा शुल्क लेकर अनुमति देने की बात भी आवेदन में कही गई है। दुकानदारों ने निष्पक्ष जांच कर नियमित रूप से दुकान लगाने की अनुमति देने की मांग की।

पीड़ित अपनी शिकायत लेकर जनसुनवाई में आए।

अतिथि विद्वान ने सेवा बहाली की मांग

शासकीय छत्रसाल महाविद्यालय पिछोर की वनस्पति शास्त्र विषय की पूर्व अतिथि विद्वान ने अपनी सेवाएं पुनः बहाल कराने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि मई 2025 में ग्रीष्मकालीन अवकाश का हवाला देकर सेवाएं स्थगित की गई थीं, जबकि छात्र संख्या में कमी नहीं आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनभागीदारी शुल्क लिए जाने के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही। मामले की उच्च स्तरीय जांच और सेवाएं पुनः प्रारंभ कराने की मांग की गई है।

झिरी में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत

तहसील पोहरी के ग्राम झिरी के जनप्रतिनिधियों ने मोटा
महादेव मंदिर के पास स्थित शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। आवेदन में कहा गया कि भूमि पर तार फेंसिंग कर पशुओं के आवागमन को रोका जा रहा है, तथा विरोध करने पर धमकी दी जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त स्थान धार्मिक आस्था से जुड़ा है और यहां भक्तों का आना-जाना लगा रहता है। उन्होंने शीघ्र अतिक्रमण हटाने और दोषियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।

बिजली-पानी-सड़क समेत दूसरी परेशानियों को लेकर लोगों ने शिकायत की।

खेल मैदान की मरम्मत का मुद्दा

ग्राम कांकर के युवाओं ने क्षतिग्रस्त खेल मैदान की मरम्मत और समुचित जल निकासी व्यवस्था की मांग रखी। उनका कहना है कि मैदान निर्माण में तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे बरसात के बाद मैदान पूरी तरह खराब हो गया। युवाओं ने कहा कि खेल सुविधाएं बेहतर होने से गांव के बच्चों और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलेगी।

संविदा शिक्षकों ने आदेश पालन की मांग की

कुछ संविदा शिक्षकों ने उच्च न्यायालय के आदेश के पालन, नियमितीकरण और वेतन भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। उनका कहना है कि अन्य जिलों में समान परिस्थितियों में कार्यरत शिक्षकों को लाभ दिया गया है, जबकि उनके मामले में कार्रवाई लंबित है।

जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने आवेदकों को आश्वस्त किया कि सभी प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कई मामलों में संबंधित विभागों को मौके पर निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)