मेड़ के मामूली विवाद में हैवानियत: शिवपुरी में पहले सरिए से फोड़ा सिर, फिर ट्रैक्टर से सीना कुचलकर युवक की बेरहमी से हत्या

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत मानकबसई गांव में खेत की मेड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार दोपहर हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसी गांव के लोगों ने पहले लाठी और सरिए से हमला किया, फिर एक युवक पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी। इस हमले में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।

क्या है पूरा मामला?

फरियादी बृजेश रावत (28) के अनुसार, वह दोपहर करीब 1 बजे अपने खेत में पानी दे रहा था। उसी दौरान पड़ोसी गांव भरका के अनिल जाटव और बीपी सिंह जाटव ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई कर रहे थे। जुताई के दौरान उनके खेत की मिट्टी बृजेश के खेत में आ रही थी, जिससे गेहूं की फसल को नुकसान पहुंच रहा था। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि अनिल और बीपी सिंह ने अपने अन्य साथियों—रामसिंह जाटव, नरेंद्र, पप्पू और काशीराम—को फोन कर बुला लिया, जो लाठियां लेकर मौके पर पहुंच गए।

सरिए से वार, फिर ट्रैक्टर से कुचल दिया

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने बृजेश के परिवार पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए अभिषेक रावत के सिर पर बीपी सिंह ने लोहे के सरिए से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोप है कि बीपी सिंह ने ट्रैक्टर अभिषेक के ऊपर चढ़ा दिया। ट्रैक्टर का पहिया उसकी छाती के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बचाने आए परिजनों को भी पीटा

जब परिवार के अन्य सदस्य रतन सिंह और वासुदेव रावत बचाने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी लाठियों से मारपीट की। इस घटना में रतन सिंह सहित अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत शिवपुरी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

गांव में तनाव, हत्या का केस दर्ज

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सिरसौद थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीपी सिंह, रामसिंह, नरेंद्र, पप्पू और काशीराम के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)