सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में अक्षय तृतीया से पहले प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए दो बाल विवाह रुकवा दिए। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर मिली सूचना के बाद टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग गांवों में पहुंचकर मौके पर ही शादियां रुकवाईं।
पहली कार्रवाई तेंदुआ थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक 17 वर्षीय लड़के का विवाह तय किया गया था। जांच में सामने आया कि जिस लड़की से शादी होनी थी, वह भी 18 साल से कम उम्र की है। दोनों के नाबालिग होने की पुष्टि होते ही टीम ने विवाह रुकवा दिया।
दूसरी कार्रवाई रन्नौद थाना क्षेत्र में की गई, जहां 17 साल 10 माह की लड़की की शादी कराई जा रही थी। सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और परिजनों को कानून की जानकारी देकर शादी रुकवा दी गई।
⚠️ परिवारों को दी सख्त चेतावनी
दोनों मामलों में प्रशासन ने परिजनों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधान समझाए। इसके बाद परिवारों ने लिखित में आश्वासन दिया कि कानूनी उम्र पूरी होने से पहले शादी नहीं करेंगे।
📍 जिलेभर में विशेष निगरानी
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर अक्षय तृतीया के दौरान बाल विवाह रोकने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि हर आयोजन पर नजर रखी जा रही है।
📢 प्रशासन की सख्त चेतावनी।
अगर कोई भी व्यक्ति चोरी-छिपे बाल विवाह कराता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
📞 आप भी बनें जिम्मेदार नागरिक।
बाल विवाह की सूचना तुरंत दें 👉 चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098 या नजदीकी थाना
(सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी)