जनसुनवाई में फूटा गुस्सा: 700 शिकायतें अटकीं, फाइलें जलाने की चेतावनी!शिवपुरी में सिस्टम पर उठे बड़े सवाल—न्याय मिलेगा या सिर्फ आश्वासन?

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिला मुख्यालय पर हुई जनसुनवाई इस बार शिकायतों से ज्यादा आक्रोश की गवाह बनी। पिछोर क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य मनीराम लोधी ने अधिकारियों की कार्यशैली पर खुलकर नाराजगी जताते हुए दावा किया कि उनके क्षेत्र की करीब 700 शिकायतें महीनों से लंबित हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। माहौल इतना गर्म हुआ कि उन्होंने साफ चेतावनी दे दी—8 दिन में समाधान नहीं हुआ तो अगली जनसुनवाई में शिकायतों को आग लगा देंगे!

💥 “100 का दिखावा, 700 असली दर्द”

मनीराम लोधी ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने केवल 100-150 मामलों का निराकरण दिखाकर अपनी पीठ थपथपाई, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। किसानों के मुआवजे, शिक्षा विभाग की गड़बड़ियां और पीएचई की लापरवाही जैसे कई गंभीर मुद्दे अब भी अधर में हैं। सवाल ये है—क्या जनसुनवाई सिर्फ कागजों का खेल बनकर रह गई है?

⚠️ बेटी की शादी अटकी, पिता की गुहार

जनसुनवाई में एक और मार्मिक मामला सामने आया। पिछोर निवासी आलोक त्रिपाठी अपनी बेटी की शादी का कार्ड लेकर पहुंचे और बताया कि उन्होंने शादी के लिए सहकारी बैंक में जमा 4 लाख रुपए अब बैंक नहीं दे रहा। शादी 7 मई को है—ऐसे में परिवार पर संकट गहराता जा रहा है। त्रिपाठी ने चेतावनी दी कि अगर पैसा नहीं मिला, तो उन्हें मकान बेचना पड़ेगा या फिर कोई बड़ा कदम उठाना पड़ सकता है।

🚧 250 मीटर गली में जलभराव, रहवासी परेशान

वार्ड 36 झींगुरा कॉलोनी के लोगों ने बताया कि उनकी गली में हर बारिश में पानी भर जाता है और अब निकासी का रास्ता भी बंद हो चुका है। लोगों ने सीसी रोड और नाली निर्माण की मांग की, लेकिन कब तक?

🛑 “दोगुना पैसा लेकर भी नकल नहीं”—तहसील पर आरोप

नरवर के ग्राम सीहोर निवासी भीकम सिंह गुर्जर ने तहसील कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि नकल देने के नाम पर दोगुना पैसा लिया गया, फिर भी समय पर दस्तावेज नहीं दिए गए।

🤔 अब सबसे बड़े सवाल

क्या जनसुनवाई सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है?
क्या 8 दिन में सच में 700 शिकायतों का समाधान संभव है?
क्या आम आदमी को न्याय मिलेगा या फिर फाइलों में ही दब जाएगा?
शिवपुरी की इस जनसुनवाई ने साफ कर दिया है—समस्याएं कम नहीं, लेकिन समाधान पर सवाल बहुत बड़े हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)