सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले कोलारस कस्बे के तेंदुआ थाना क्षेत्र के डेहरवारा गांव से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां खेत में सिंचाई करते वक्त करंट लगने से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
मृतक शिवसिंह धाकड़ मंगलवार शाम अपने खेत में प्याज की फसल को पानी दे रहा था। मेहनत करते-करते उसे क्या पता था कि यही खेत उसकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन जाएगा। अचानक तेज करंट लगने से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
परिजन दौड़ते हुए उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि खेत में कोई खुला बिजली तार नहीं था, लेकिन जिस जगह शिवसिंह सिंचाई कर रहा था वहां तार की फेंसिंग लगी हुई थी। आशंका है कि उसी फेंसिंग में करंट आ गया और यह मासूम जिंदगी हमेशा के लिए बुझ गई।
सबसे दर्दनाक बात यह है कि शिवसिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहनें हैं, जिनका भाई अब कभी लौटकर नहीं आएगा। घर का इकलौता सहारा यूं अचानक छिन जाने से पूरा परिवार सदमे में है।
गांव में हर आंख नम है और हर कोई यही कह रहा है—
"एक झटके में खुशियां उजड़ गईं..."