शिवपुरी में स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 33.87 ग्राम स्मैक और स्विफ्ट कार जब्त

Nikk Pandit
0

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 33.87 ग्राम स्मैक और एक स्विफ्ट कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 14 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेडिकल कॉलेज शिवपुरी के सामने कच्चे रास्ते पर एक युवक स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार के पास खड़ा युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हफीज पुत्र रफीक मोहम्मद (38 वर्ष) निवासी हिम्मतगढ़, थाना पनिहार, जिला ग्वालियर बताया। वर्तमान में वह गोल पहाड़िया, ग्वालियर में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से 33.87 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद स्मैक और स्विफ्ट कार को जब्त कर अपराध क्रमांक 417/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हफीज पहले भी स्मैक तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। इसके अलावा ग्वालियर जिले के पनिहार थाने में मारपीट का मामला भी दर्ज है।

अब कोतवाली पुलिस आरोपी से स्मैक की सप्लाई चेन, उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में नशे के कारोबार से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)