बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में महिला की संदिग्ध मौत के मामले ने अब नया और गंभीर मोड़ ले लिया है। मृतका की 14 वर्षीय बेटी ने अपने ही पिता पर मां की हत्या करने का आरोप लगाया है। बेटी के बयान के बाद बुधवार को मायका पक्ष पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। मामले ने अब पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
मृतका की बेटी पुष्पा ने आरोप लगाया कि उसके पिता धर्मवीर कुशवाह कुछ दिन पहले उसे मामा के घर छोड़ गए थे, जबकि उसकी मां सुनीता को अपने साथ ग्राम चंदौरिया ले गए थे। बेटी का कहना है कि उसका पिता शराब के नशे में अक्सर मां के साथ मारपीट करता था और घर में विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
पुष्पा ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इससे पहले उसके छोटे भाई को सांप ने काट लिया था, लेकिन पिता ने समय पर इलाज नहीं कराया, जिससे उसकी मौत हो गई थी। बेटी के इस बयान के बाद परिवार का गुस्सा और बढ़ गया है तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।
मृतका के भाई मनोज कुशवाह ने बताया कि उनकी बहन सुनीता की शादी करीब 15 साल पहले धर्मवीर कुशवाह से हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी का व्यवहार ठीक नहीं था और वह शराब पीकर आए दिन विवाद करता था। परिवार का दावा है कि वर्ष 2019 में कोलारस थाना और महिला थाना शिवपुरी में भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन हर बार समझौता कर मामला शांत करा दिया गया।
परिजनों ने बताया कि 17 मई की सुबह सुनीता ने अपने देवर मूलचंद कुशवाह को फोन किया था। बातचीत के दौरान झगड़े और विवाद की आवाजें सुनाई दे रही थीं। आरोप है कि इसी बीच धर्मवीर ने फोन छीन लिया और कॉल काट दी। कुछ घंटे बाद परिवार को सूचना मिली कि सुनीता ने फांसी लगा ली है।
जब मायका पक्ष मौके पर पहुंचा तो महिला के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। परिजनों का आरोप है कि पहले हत्या की गई और बाद में मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया गया। परिवार ने इस मामले को हत्या बताते हुए पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी उन्हें लगातार धमकियां भी दे रहा है। परिवार एसपी कार्यालय पहुंचा और आरोपी धर्मवीर कुशवाह के खिलाफ हत्या और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। अब इस मामले में सबकी नजर पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।