शिवपुरी में स्वच्छता अभियान लगातार जारी, प्लास्टिक जब्ती और चालानी कार्रवाई तेज

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में बढ़ती गंदगी और अव्यवस्था को देखते हुए नगर पालिका द्वारा विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन और नगर पालिका सीएमओ श्री इशांक धाकड़ के नेतृत्व में बुधवार सुबह 7 बजे से नगर पालिका की टीम ने पोहरी चौराहा से तात्या टोपे प्रतिमा तक निरीक्षण और सफाई अभियान चलाया। इस दौरान शहर में साफ-सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण और प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर विशेष निगरानी रखी गई।

अभियान के दौरान नगर पालिका टीम ने कई दुकानों पर कार्रवाई करते हुए 5 किलो से अधिक प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की। जब्त सामग्री में प्लास्टिक पॉलिथीन, प्लास्टिक चम्मच, डिस्पोजल सामग्री और पानी पाउच शामिल रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों और दुकानदारों को भविष्य में सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की सख्त चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान कई दुकानों और ठेलों के सामने गंदगी फैली हुई मिली, जिस पर नगर पालिका अधिकारियों ने नाराजगी जताई। दुकानदारों को समझाइश दी गई कि वे कचरा सड़क पर न फेंकें और नगर पालिका की सुबह एवं शाम चलने वाली कचरा गाड़ियों में ही कचरा डालें। जूस सेंटर, चाय स्टॉल, पान दुकान और होटल संचालकों को साफ-सुथरे डस्टबिन रखने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

नगर पालिका टीम ने गंदे और अस्वच्छ डस्टबिन मिलने पर उन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया। साथ ही दुकानदारों को स्वच्छ डस्टबिन रखने और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ लगातार चालानी कार्रवाई जारी रहेगी।

अभियान के दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से रखी गई गुमटियों और ठेलों को भी पीछे हटवाया गया। जिन ठेला संचालकों द्वारा सड़क सीमा से आगे अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था प्रभावित की जा रही थी, उन्हें सख्त हिदायत देते हुए व्यवस्थित तरीके से संचालन करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा नगर पालिका टीम ने कुछ होटल और मिष्ठान भंडारों के किचन एवं भोजन निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर साफ-सफाई की जांच की। संबंधित संचालकों को स्वच्छता मानकों का पालन करने और साफ वातावरण में खाद्य सामग्री तैयार करने के निर्देश दिए गए।

पंढरपुरी चाय एवं मनोहर चाय संचालकों द्वारा कचरा फैलाने और अवैध अतिक्रमण किए जाने पर नगर पालिका ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाया और दोनों प्रतिष्ठानों पर ₹500-₹500 का चालान भी किया। वहीं जिन स्थानों पर सफाई कार्य संतोषजनक नहीं मिला, वहां तत्काल सफाई करवाई गई।

नगर पालिका प्रशासन ने सभी व्यापारियों, दुकानदारों और नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करने, सड़क पर गंदगी फैलाने या अतिक्रमण करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)