सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के कूड़ा राई गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से हनुमान जी की प्रतिमा चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी शनिवार रात करीब ढाई फीट ऊंची प्रतिमा चुराकर ले गया। रविवार सुबह जब ग्रामीणों को प्रतिमा गायब होने की जानकारी मिली तो गांव में हड़कंप मच गया और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने हाल ही में मंदिर का नया भवन बनवाया था और 21 मई को प्राण प्रतिष्ठा व भंडारे का आयोजन होना था। फिलहाल प्रतिमा को अस्थायी रूप से एक छोटी कोठरी में रखा गया था। इसी दौरान चोर ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही तेंदुआ थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। बाद में एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के दौरान मंदिर के पास स्थित एक कुएं के किनारे सिंदूर के निशान मिले, जिससे प्रतिमा को कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई गई।
इसके बाद पुलिस ने पंप लगाकर कुएं का करीब 30 फीट पानी खाली कराया। पानी कम होने पर ग्रामीणों की मदद से कुएं में उतरकर प्रतिमा को बरामद किया गया। प्रतिमा को खटिया पर रखकर रस्सियों के सहारे बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आरोपी ने प्रतिमा को कोयले से घिसकर काला कर दिया था, जिससे लोगों में और अधिक आक्रोश फैल गया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता एकत्रित हो गए। विश्व हिंदू परिषद के जिला धर्म प्रसार प्रमुख पप्पू श्रीवास्तव, अनिल लोधी, सूरज यादव, गोलू कुशवाहा, रामकुमार यादव, कृष्णा बैरागी, मजबूत धाकड़ सहित कई लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। कूड़ा राई के सरपंच पुरुषोत्तम यादव भी मौके पर मौजूद रहे।
थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।