बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 15 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठजन दुर्व्यवहार रोकथाम जागरूकता दिवस मनाया जाएगा। इस संबंध में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण संचालनालय द्वारा प्रदेश के सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
दिवस के अवसर पर जिले के वृद्धाश्रमों, डे-केयर केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रमों के अंतर्गत संगोष्ठी, परिचर्चा, जागरूकता रैली, प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, डिजिटल साक्षरता एवं वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में विशेष वरिष्ठजन सम्मान समारोह भी आयोजित किए जाएंगे।
विशेष पहल के रूप में युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के बीच संवाद को बढ़ावा देने के लिए अंतर-पीढ़ी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे नई और पुरानी पीढ़ी के बीच आपसी समझ, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव मजबूत हो सके।
सामाजिक न्याय विभाग ने निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यक्रमों के माध्यम से वृद्धजनों के प्रति सम्मान, पारिवारिक जिम्मेदारी, सामाजिक सहभागिता और संवेदनशील व्यवहार का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाए। इसके लिए स्थानीय समाचार पत्रों, सामुदायिक रेडियो, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा अन्य प्रचार माध्यमों का भी उपयोग किया जाएगा।
विभाग का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के संरक्षण एवं कल्याण से संबंधित अधिनियमों और नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना है, ताकि समाज में वृद्धजनों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सहयोगपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठजन दुर्व्यवहार रोकथाम जागरूकता दिवस प्रतिवर्ष 15 जून को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य बुजुर्गों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार, उपेक्षा और शोषण के खिलाफ समाज को जागरूक करना तथा उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना है।