![]() |
| कार्यक्रम का शुभारंभ |
शिवपुरी में मंगलवार को "जल गंगा संवर्धन अभियान" के समापन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जल और वृक्षों के संरक्षण को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए लोगों से "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से जुड़ने और पौधों की देखभाल का संकल्प लेने की अपील की।
शिवपुरी के गांधी पार्क स्थित मानस भवन में मंगलवार को "जल गंगा संवर्धन अभियान" के समापन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिले के प्रभारी एवं ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर रहे। उन्होंने अभियान के सफल संचालन पर जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि जल का संरक्षण और संवर्धन आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।
प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश भी पढ़कर सुनाया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान प्रदेशभर में खेत तालाब, कूप रिचार्ज, अमृत सरोवर, चेकडेम, जलाशयों के जीर्णोद्धार, नालों की सफाई, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, जल गुणवत्ता परीक्षण और नदी संरक्षण जैसे कई कार्य किए गए। साथ ही लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जनअभियान भी चलाया गया।
उन्होंने कहा कि जल और हरियाली का सीधा संबंध है। जहां पर्याप्त पेड़ होंगे, वहां जल संरक्षण भी बेहतर होगा। इसी सोच के साथ प्रत्येक परिवार को "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव ने भी अभियान को प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि जल संरक्षण भविष्य को सुरक्षित करने का माध्यम है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
इस दौरान "जल गंगा संवर्धन अभियान" के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागों और ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जन अभियान परिषद, जनपद पंचायत पोहरी सहित ग्राम पंचायत अकाझिरी और ग्राम पंचायत अमोला क्रेशर के सरपंच एवं सचिवों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में कोलारस विधायक महेंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, हरवीर रघुवंशी, सांसद प्रतिनिधि हरिओम राठौर, कलेक्टर अर्पित वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


