मुंबई से निकला 11 साल का मासूम दिनारा में मिला, पुलिस ने परिजनों से मिलाया

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के दिनारा थाना पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए रास्ता भटककर शिवपुरी पहुंच गए 11 वर्षीय बालक को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया। बालक मुंबई से बिना किसी को बताए अपने दादा से मिलने कानपुर के लिए निकला था, लेकिन रास्ता भटककर दिनारा थाना क्षेत्र पहुंच गया। पुलिस ने न केवल उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि परिजनों से संपर्क कर विधिवत सुपुर्दगी भी कराई।

जानकारी के अनुसार 17 जुलाई 2026 को दिनारा थाना क्षेत्र के आवास तिराहा पर एक 11 वर्षीय बालक अकेला घूमता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय निवासी अभिषेक यादव को जब बालक संदिग्ध परिस्थितियों में मिला तो उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल इसकी सूचना दिनारा थाना पुलिस को दी और अपनी गाड़ी से बालक को सुरक्षित थाना लेकर पहुंचे।

थाने में पुलिस ने बालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम मोहम्मद ईशा शेख, पिता मोहम्मद जाकिर शेख, उम्र 11 वर्ष, निवासी हजपुरा, जिला अंबेडकर नगर (उत्तर प्रदेश) बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिनारा पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति के निर्देश पर बालक के परिजनों का पता लगाने के प्रयास शुरू किए गए। एसडीओपी करैरा प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनुराधा सिंह ने उत्तर प्रदेश के मालीपुर थाना से संपर्क स्थापित किया। वहां के थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी एवं बीट प्रभारी प्रधान आरक्षक राजकुमार की मदद से बालक के दादा शाकिर शेख का मोबाइल नंबर प्राप्त किया गया।

जब परिजनों से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि बालक के पिता मोहम्मद जाकिर शेख मुंबई में काम करते हैं और उन्हें दिनारा पहुंचने में समय लगेगा। ऐसे में बालक की सुरक्षा और देखभाल को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने बाल संरक्षण अधिकारी राघवेंद्र शर्मा से संपर्क किया। उनकी देखरेख में बालक को अस्थायी रूप से ट्राइबल हॉस्टल दिनारा में सुरक्षित रखा गया, जहां उसके रहने और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई।

19 जुलाई 2026 को बालक के पिता मोहम्मद जाकिर शेख दिनारा पहुंचे। आवश्यक दस्तावेजों और पहचान की पुष्टि के बाद पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बालक को उनके सुपुर्द कर दिया। अपने बेटे को सकुशल वापस पाकर पिता ने दिनारा पुलिस और सभी संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

पूछताछ में बालक ने बताया कि उसके पिता मुंबई में मजदूरी का काम करते हैं। वह बिना किसी को बताए अपने दादा से मिलने कानपुर जाने के लिए निकल पड़ा था, लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण शिवपुरी जिले के दिनारा क्षेत्र पहुंच गया।

इस पूरे मामले में उपनिरीक्षक अनुराधा सिंह, प्रधान आरक्षक हिमांशु चतुर्वेदी, प्रधान आरक्षक शरद कुमार, आरक्षक शिवम यादव, बाल संरक्षण अधिकारी राघवेंद्र शर्मा, हॉस्टल अधीक्षक लक्ष्मीनारायण, मालीपुर थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी तथा बीट प्रभारी प्रधान आरक्षक राजकुमार की सराहनीय भूमिका रही।

दिनारा थाना पुलिस की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई ने एक मासूम को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया, जिसकी स्थानीय लोगों और परिजनों ने भी मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)