बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना पुलिस ने तीन नाबालिग बच्चों के गुम होने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 30 मिनट के भीतर तीनों बच्चों को सुरक्षित तलाश कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने कोतवाली थाने पहुंचकर सूचना दी कि उसके तीन नाबालिग बच्चे माधव चौक क्षेत्र से अचानक लापता हो गए हैं। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा।
सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी टीआई रोहित दुबे ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति तथा एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे ने बच्चों की शीघ्र तलाश करने के निर्देश दिए। इसके बाद टीआई रोहित दुबे के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
पुलिस टीमों ने माधव चौक, पुराना बस स्टैंड, गुरुद्वारा चौराहा, न्यू ब्लॉक, झांसी चौराहा, गुना बायपास, फतेहपुर चौराहा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बच्चों की तलाश की। लगातार प्रयास के दौरान पुलिस को सफलता मिली और तीनों गुमशुदा बच्चों को रातौर तिराहे से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया।
पूरी कार्रवाई महज 30 मिनट के भीतर पूरी कर ली गई। इसके बाद बच्चों को सुरक्षित उनके माता-पिता के सुपुर्द किया गया। अपने बच्चों को सकुशल वापस पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने शिवपुरी कोतवाली पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और तेज कार्रवाई की खुलकर सराहना की।
इस सराहनीय कार्रवाई में टीआई रोहित दुबे, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक विवेक भट्ट, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र परिहार, प्रधान आरक्षक भगवत चतुर्वेदी, आरक्षक राहुल कुमार तथा आरक्षक चालक शरद यादव की विशेष भूमिका रही।
कोतवाली पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और बच्चों से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक बिना देर किए पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।