बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में ठगों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को दिनदहाड़े जिला अस्पताल में पदस्थ एक नर्स को तीन अज्ञात बदमाशों ने अपना शिकार बना लिया। आरोपियों ने पहले रास्ते में रोककर बातों में उलझाया, फिर डराकर-धमकाकर उसके गले और कानों में पहने सोने के जेवर उतरवाकर पर्स में रखवा लिए।
इसके बाद नर्स को 11 कदम आगे चलने के लिए कहा और पर्स लेकर फरार हो गए। पर्स में सोने के जेवरों के अलावा ₹4 हजार नकद भी रखे थे। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इसी दिन पोहरी बस स्टैंड क्षेत्र में भी एक युवक से ₹13 हजार की ठगी का मामला सामने आया, जिससे शहर में सक्रिय ठग गिरोहों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार कस्टम गेट निवासी किरण राठौर, पत्नी सूरज प्रसाद राठौर, जिला अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने घर से अस्पताल ड्रेसिंग ड्यूटी के लिए जा रही थीं। जब वह डाक बंगले के सामने स्थित छब्बर स्कूल के पीछे पहुंचीं, तभी बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक उनके पास आए और बातचीत शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार, शुरुआत में आरोपियों ने सामान्य बातचीत कर उन्हें भ्रमित किया। कुछ ही देर बाद उनका व्यवहार बदल गया और उन्होंने धमकाना शुरू कर दिया। बदमाशों ने नर्स से कहा कि वह अपने गले में पहना सोने का मंगलसूत्र, कानों की सोने की कनौती, सोने की सुई-धागा सहित अन्य आभूषण उतारकर अपने पर्स में रख लें। अचानक मिली धमकी और भय के कारण किरण राठौर घबरा गईं और आरोपियों के कहने पर अपने सभी जेवर पर्स में रख दिए। पर्स में पहले से ₹4 हजार नकद भी मौजूद थे।
इसके बाद बदमाशों ने पर्स अपने एक साथी को पकड़ा दिया और नर्स से कहा कि वह बिना पीछे देखे 11 कदम आगे चलें। किरण राठौर जैसे ही आगे बढ़ीं, तीनों आरोपी पर्स लेकर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद पीछे मुड़कर देखा तो बदमाश गायब थे। तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।
घटना के तुरंत बाद पीड़िता कोतवाली थाना पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी, लूटा गया सामान बरामद करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
उसी दिन पोहरी बस स्टैंड पर भी हुई ठगी
शुक्रवार सुबह ही शहर के पोहरी बस स्टैंड स्थित घोड़ा चौराहा क्षेत्र में भी ठगी की एक और घटना सामने आई। ग्राम बूढ़ोन, करैरा निवासी सतेन्द्र लोधी इंदौर से मजदूरी कर लौटे थे। सुबह करीब 7 बजे जब वह बस स्टैंड से घोड़ा चौराहा पहुंचे, तभी चार अज्ञात लोगों ने उन्हें सस्ते दाम में सोने-चांदी के आभूषण दिलाने का लालच दिया।
बदमाशों ने बातचीत के दौरान सतेन्द्र को अपने झांसे में ले लिया और उससे ₹13 हजार नकद ले लिए। बदले में नकली जेवर देकर चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब सतेन्द्र को ठगी का एहसास हुआ तो वह भी कोतवाली थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
एक ही दिन में सामने आई इन दोनों घटनाओं ने शहर में सक्रिय ठग गिरोहों की मौजूदगी की आशंका को मजबूत कर दिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अजनबी की बातों में न आएं, सस्ते दाम में सोना-चांदी दिलाने, झूठे बहाने बनाकर रोकने या डराने-धमकाने वाले लोगों से सतर्क रहें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे या ऐसी कोई घटना हो, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल-100 पर सूचना दें। पुलिस का कहना है कि जनता की सतर्कता और समय पर दी गई सूचना से ऐसे ठग गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है।