मिशन क्लीन शिवपुरी ने पकड़ी रफ्तार: शहरभर में चला महा सफाई अभियान, सड़कों से नालियों तक दिखी स्वच्छता की नई तस्वीर

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा संचालित 'मिशन क्लीन शिवपुरी' अब जनअभियान का रूप लेता दिखाई दे रहा है। शनिवार को पूरे शहर में एक साथ कई स्थानों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें सड़कों पर झाड़ू लगाने से लेकर नालियों की सफाई, कचरा उठाव, डंपिंग पॉइंट की सफाई और दलेल मशीन के माध्यम से विशेष स्वच्छता कार्य किए गए। अभियान के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अमला पूरे दिन सक्रिय नजर आया।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत राठौर के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य वर्षा ऋतु के दौरान शहर में जलभराव, गंदगी और संक्रमण की संभावनाओं को कम करना है। नगर पालिका का मानना है कि नियमित सफाई से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण भी मिलेगा।

शनिवार को अभियान के तहत राजेश्वरी रोड स्थित तात्या टोपे पार्क के समीप जमा मिट्टी और कचरे को हटाकर क्षेत्र को साफ किया गया। इसके अलावा शंकर कॉलोनी, तुलसी नगर, राघवेंद्र नगर पुलिया, राजेश्वरी रोड से पोहरी बस स्टैंड, सर्कुलर रोड, नक्षत्र गार्डन, कलेक्टर बंगला रोड, कोर्ट परिसर, टीवी हॉस्पिटल, कोतवाली रोड और सर्किट हाउस रोड सहित शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाई कर्मियों ने झाड़ू लगाकर कचरा एकत्रित किया और वाहनों के माध्यम से उसका तत्काल उठाव कराया।

नगर पालिका की टीम ने वार्ड क्रमांक 15, 16, 17 तथा 21 से 26 तक स्थित कचरा डंपों की भी विशेष सफाई कराई। लंबे समय से जमा कचरे को हटाकर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया। वहीं महल के पीछे की सड़क, घोड़ा चौराहा से फतेहपुर कलारी तक सर्कुलर रोड, पोहरी बस स्टैंड और फतेहपुर कलारी से दुबे नर्सरी तक राठौर रोड पर भी व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इन स्थानों पर दलेल मशीन की सहायता से सड़क किनारे जमा गंदगी और मिट्टी को हटाया गया।

करौंदी क्षेत्र में भी नगर पालिका का अभियान पूरे जोर-शोर से जारी रहा। यहां आम वाले हनुमान मंदिर परिसर, पंडित वाली गली, मच्छी वाली गली, बार्नेस की दुकान से पत्रकार अशफाक खान के निवास तक, बाथम मोहल्ला और मुस्लिम मोहल्ला सहित कई क्षेत्रों में विशेष सफाई की गई। वहीं वार्ड क्रमांक 36 में वन विहार 10 नंबर गेट, रामनाथ वाली गली और आसपास की नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया गया। इसके अतिरिक्त साइंस कॉलेज से करौंदी सममेल, करौंदी सममेल से भूत पुलिया और भोलेनाथ मंदिर से टीवी टावर रोड चार नंबर गेट तक दलेल मशीन के माध्यम से विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया।

वार्ड क्रमांक 11 में राजेंद्र मेमोरियल स्कूल, रावत वॉटर सप्लायर, हरिजन थाना वाली गली और दीपक नामदेव वाली गली की नालियों की सफाई कराई गई। वहीं विजयपुरम शीतला माता मंदिर क्षेत्र और वार्ड क्रमांक 13 मनियर में नालियों से निकले मलवे को ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से हटाया गया। इसके अलावा 27 नंबर कोठी, दुबे नर्सरी रोड, संजय परिहार वाली गली, आंगनबाड़ी केंद्र वाली गली, सारनाम वाली गली और बीज गोदाम रोड पर भी सफाई अभियान चलाकर गंदगी हटाई गई।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत राठौर ने सफाई अमले को निर्देश दिए कि वर्षाकाल में किसी भी वार्ड में गंदगी, जलभराव या नालियों के जाम होने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई, कचरा उठाव और नालियों की सफाई लगातार जारी रखी जाए ताकि संक्रमण फैलने की आशंका को समय रहते रोका जा सके।

नगर पालिका का कहना है कि 'मिशन क्लीन शिवपुरी' केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों और दुकानों का कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें, नालियों में प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट न फेंकें तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।

लगातार चल रहे इस अभियान से शहर के कई क्षेत्रों की तस्वीर बदलती नजर आ रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि शिवपुरी को स्वच्छ, सुंदर और संक्रमण मुक्त शहर बनाया जाए, जिसके लिए आने वाले दिनों में भी 'मिशन क्लीन शिवपुरी' के तहत इसी तरह विशेष अभियान जारी रहेंगे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)