शिवपुरी में नगर पालिका का दोहरा अभियान: 6 आक्रामक कुत्ते पकड़े, शहरभर में चला मिशन क्लीन शिवपुरी

Nikk Pandit
0


बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा शहर में आमजन की सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। शुक्रवार को एक ओर डॉग स्क्वॉड टीम ने गोविंद नगर कॉलोनी एवं सिद्धेश्वर मंदिर क्षेत्र से 6 आक्रामक एवं काटने वाले कुत्तों को पकड़कर लोगों को राहत दिलाई, वहीं दूसरी ओर 'मिशन क्लीन शिवपुरी' के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान संचालित किया गया।

नगर पालिका की टीम ने आवारा पशुओं के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित रूप से पकड़कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिली। डॉग स्क्वॉड ने नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लंबे समय से परेशानी का कारण बने 6 काटने वाले कुत्तों को नियंत्रण में लिया।

इधर 'मिशन क्लीन शिवपुरी' के अंतर्गत थीम रोड मार्केट, टीवी हॉस्पिटल परिसर, महल कॉलोनी, भदैया कुंड से बाणगंगा मार्ग, पार्षद श्री एम.डी. गुर्जर के निवास क्षेत्र तथा करौंदी स्थित आम वाले हनुमान मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाई के साथ कचरा उठाव, नालियों की सफाई तथा संक्रमण की रोकथाम के लिए कीटनाशक पाउडर का छिड़काव भी कराया गया। जैन मंदिर पार्क में पेड़ों की कटिंग के बाद फैली शाखाओं एवं अवशेषों को भी हटवाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जाए तथा आवारा पशुओं, आक्रामक कुत्तों और शहर की स्वच्छता को लेकर अभियान निरंतर जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, स्वच्छता और सुव्यवस्थित शहरी व्यवस्था नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से भी अपील की है कि अपने क्षेत्र में आवारा पशुओं, आक्रामक कुत्तों अथवा सफाई संबंधी किसी भी समस्या की सूचना तत्काल नगर पालिका को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)