बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नोहरी इलाके में सड़क किनारे मिले एक युवक के शव की पहचान सोमवार सुबह ईटमा गांव निवासी 40 वर्षीय भरत रावत पुत्र बालकिशन रावत के रूप में हुई। युवक पिछले दो दिनों से अपने घर नहीं लौटा था। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि नोहरी स्थित कंजर डेरे के पास सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। रात होने और पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिलने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
सोमवार सुबह जब शव की सूचना आसपास के क्षेत्रों में पहुंची तो ईटमा गांव से मृतक के परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने शव की पहचान भरत रावत के रूप में की। शव की पहचान होते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक के भाई हिमाचल रावत ने बताया कि भरत शनिवार सुबह गांव से सब्जियां लेकर शिवपुरी मंडी बेचने के लिए निकला था। इसके बाद उसका परिवार से कोई संपर्क नहीं हुआ। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने पहले यह सोचकर ज्यादा चिंता नहीं की कि शायद वह किसी रिश्तेदार या परिचित के यहां रुक गया होगा। लेकिन अगले दिन भी उसका कोई पता नहीं चला।
इसी बीच सोमवार सुबह मेडिकल कॉलेज से सूचना मिलने पर परिवार वहां पहुंचा और शव की पहचान की।
हिमाचल रावत का आरोप है कि उनके भाई की सामान्य मौत नहीं हुई, बल्कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और सभी संभावित पहलुओं पर जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच की जाए तो सच्चाई सामने आ सकती है और दोषियों को सजा मिल सकेगी।
इधर, मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। यदि जांच के दौरान हत्या या किसी अन्य आपराधिक घटना के प्रमाण सामने आते हैं तो संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।