घर में घुसकर नाबालिग से छेड़छाड़, शादी का दबाव बनाने पर बवाल: दोनों पक्षों में मारपीट, पॉक्सो समेत क्रॉस केस दर्ज

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलागंज स्थित जाटव मोहल्ले में रविवार रात एक नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ और शादी का दबाव बनाने के आरोप के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।

नाबालिग की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी मारपीट और धमकी देने का क्रॉस केस दर्ज किया गया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में 17 वर्षीय नाबालिग ने बताया कि रविवार रात करीब 10:30 बजे पड़ोस में रहने वाले शैलू जाटव और भास्कर उर्फ भोला जाटव उसके घर में घुस आए। आरोप है कि शैलू ने उससे शादी करने का दबाव बनाया। जब उसने इसका विरोध किया और दोनों को घर से बाहर जाने के लिए कहा, तब शैलू ने कथित रूप से उसके साथ छेड़छाड़ की। इस दौरान उसके कपड़े भी फट गए।

पीड़िता के अनुसार, उसकी चीख-पुकार सुनकर उसकी बहन और चचेरी बहन मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया तथा धक्का-मुक्की की। पीड़िता का कहना है कि जाते समय आरोपियों ने शादी नहीं करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

नाबालिग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शैलू जाटव और भास्कर उर्फ भोला जाटव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इसी घटना को लेकर दूसरे पक्ष की ओर से शैलेन्द्र गोरख (जाटव) ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते रवि जाटव, बंटी जाटव और कट्टू जाटव ने उनके साथ गाली-गलौज की और लोहे के पाइप, डंडों तथा हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की। उनका कहना है कि बीच-बचाव करने आए उनके भाई भास्कर उर्फ भोला जाटव के साथ भी मारपीट की गई, जिससे दोनों घायल हो गए।

घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। इस शिकायत पर पुलिस ने रवि जाटव, बंटी जाटव और कट्टू जाटव के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया गया है। नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा जांच में सहयोग करने की अपील की है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)