15 अगस्त की तैयारियों में जुटा प्रशासन:कलेक्टर अर्पित वर्मा ने दिए सख्त निर्देश:पुलिस परेड ग्राउंड पर सुबह 9 बजे होगा मुख्य समारोह

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। समारोह को भव्य, गरिमामय और हर्षोल्लास के साथ आयोजित करने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की रूपरेखा तय करते हुए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं और अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने बताया कि जिला स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9 बजे पुलिस परेड ग्राउंड, शिवपुरी में आयोजित होगा। समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रगान, राष्ट्रीय ध्वज को सलामी, परेड निरीक्षण, मार्च पास्ट तथा स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समारोह की प्रत्येक व्यवस्था समय से पहले पूरी कर ली जाए ताकि कार्यक्रम पूरी गरिमा के साथ संपन्न हो सके।

बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों में प्रातः 8 बजे तक कार्यालय प्रमुखों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ध्वज संहिता के अनुरूप निर्धारित समय पर राष्ट्रीय ध्वज उतारने की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कलेक्टर श्री वर्मा ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक भवनों और राष्ट्रीय महत्व की इमारतों को आकर्षक रोशनी से सजाने के निर्देश भी दिए। वहीं कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग, अतिथियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, मुख्य अतिथि के स्वागत, मंच संचालन तथा अन्य सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम भारतीय सभ्यता, संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रदर्शित करने वाले होने चाहिए। पुलिस विभाग को समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि स्वास्थ्य विभाग को कार्यक्रम स्थल पर मेडिकल टीम और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश का सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है और इसका आयोजन पूरे सम्मान, अनुशासन और गौरव के साथ किया जाना चाहिए, ताकि प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना और अधिक मजबूत हो।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)