कलेक्टर के एक्शन से खुली शराब माफिया की मनमानी, आबकारी ने 20 प्रकरण बनाए; 21 लाख की शास्ति

Shivpuri First
0

 


शिवपुरी। जिले में शराब की ओवररेटिंग और मनमाने दामों पर बिक्री की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही थीं, लेकिन आबकारी विभाग की ओर से बड़ी कार्रवाई देखने को नहीं मिली। अब कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अर्पित वर्मा के सख्त निर्देशों के बाद विभाग हरकत में आया और जिलेभर में चलाए गए विशेष जांच अभियान में 20 प्रकरण दर्ज कर लिए। एक ही अभियान में इतनी बड़ी संख्या में अनियमितताएं मिलने से विभाग की नियमित निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में जिलेभर की फुटकर शराब दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच में 16 मामलों में अधिकतम विक्रय मूल्य (एमआरपी) से अधिक कीमत पर शराब बेचना और 4 मामलों में न्यूनतम विक्रय मूल्य (एमएसपी) से कम कीमत पर बिक्री करना पाया गया। इसके बाद संबंधित लाइसेंसियों के खिलाफ कुल 20 प्रकरण दर्ज किए गए।

आबकारी विभाग के अनुसार, दर्ज 20 प्रकरणों में से 9 मामलों में लाइसेंसियों पर 9 लाख 72 हजार 168 रुपये की शास्ति अधिरोपित की जा चुकी है। वहीं, शेष 11 मामलों में 11 लाख 56 हजार 33 रुपये की शास्ति अधिरोपित किए जाने की प्रक्रिया जारी है। यानी कुल मिलाकर 21 लाख 28 हजार 201 रुपये की दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।

जिले में शराब दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतें पहले भी कई बार सामने आती रही हैं। ऐसे में सवाल यह भी उठ रहे हैं कि जब एक विशेष अभियान में इतनी बड़ी संख्या में नियम उल्लंघन पकड़ में आ गए, तो नियमित निरीक्षण और निगरानी के दौरान इन अनियमितताओं पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो सकी।

जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े ने कहा कि उपभोक्ताओं को शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही मदिरा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी निर्धारित दरों से अधिक या कम कीमत पर शराब बेचने वाले लाइसेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)