बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के खनियाधाना सिविल न्यायालय खनियाधाना परिसर में आयोजित भव्य रक्तदान शिविर में न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और जागरूक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा की मिसाल पेश की। शिविर में कुल 33 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी श्री राजेंद्र प्रसाद सोनी के प्रेरणादायी नेतृत्व तथा सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में किया गया। तहसील न्यायालय खनियाधाना की पीठासीन अधिकारी श्रीमती अंजना यादव के निर्देशन में शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रक्तदान शिविर में सिविल न्यायालय खनियाधाना के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। प्रमुख रक्तदाताओं में डॉ. मनोज यादव, विनीत शर्मा (स्टेनो), राहुल राय (साक्ष्य लेखक), श्री कृष्णा कुशवाहा (क्रिमिनल रीडर), विमल साहू, भगवती प्रसाद कुशवाहा और सुनील अहिरवार सहित अधिवक्ता राजाजी बुंदेला, विमल ओझा और सुरेंद्र लोधी समेत अन्य नागरिक शामिल रहे।
स्वास्थ्य परीक्षण में 68 लोगों ने लिया लाभ
शिविर के साथ सिविल अस्पताल खनियाधाना की चिकित्सकीय टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। न्यायालय परिसर में मौजूद कर्मचारी, अधिवक्ता एवं पक्षकारों सहित कुल 68 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और विभिन्न चिकित्सकीय जांचों का लाभ दिया गया।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान जैसे सामाजिक कार्य जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होते हैं। शिविर में न्यायालय परिवार और आम नागरिकों की सहभागिता ने समाज में सेवा, परोपकार और स्वास्थ्य जागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया।