बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने शहर के व्यापारियों और दुकानदारों की सुविधा के लिए ट्रेड लाइसेंस (व्यापार अनुज्ञप्ति) बनाने की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब शहर के छोटे और बड़े सभी व्यापारी ई-नगर पालिका पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर ट्रेड लाइसेंस बनवा सकेंगे। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य व्यापारियों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत देना, प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना और समय की बचत करना है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि ट्रेड लाइसेंस प्रत्येक व्यापारी और व्यवसायी के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। नगर पालिका क्षेत्र में संचालित दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं व्यावसायिक गतिविधियों को नियमानुसार संचालित करने के लिए ट्रेड लाइसेंस आवश्यक है। ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से आवेदन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और सुविधाजनक हो गई है।
नगर पालिका के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन करते समय आवेदक को कुछ आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इनमें आवेदक का पासपोर्ट साइज फोटो, दुकान या प्रतिष्ठान का फोटो, आधार कार्ड, संपत्तिकर की रसीद, जलकर की रसीद तथा यदि दुकान किराए पर संचालित की जा रही है तो किरायानामा और शपथ पत्र भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। सभी दस्तावेज सही और स्पष्ट होने पर आवेदन प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से आवेदन की निगरानी आसान होगी और लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी। साथ ही रिकॉर्ड भी डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगा, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने नगर क्षेत्र के सभी व्यापारियों, दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि जिनके पास अभी तक ट्रेड लाइसेंस नहीं है या जिन्हें लाइसेंस का नवीनीकरण कराना है, वे शीघ्र ही ई-नगर पालिका पोर्टल के माध्यम से आवेदन करें और शासन के नियमों का पालन करें।
ट्रेड लाइसेंस से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या आवेदन प्रक्रिया में सहायता के लिए नगर पालिका परिषद शिवपुरी की राजस्व शाखा में श्री जितेंद्र तोमर से संपर्क किया जा सकता है। नगर पालिका प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि इस ऑनलाइन सुविधा से शहर के हजारों व्यापारियों को लाभ मिलेगा और व्यापारिक सेवाएं अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बन सकेंगी।