खुशबू शर्मा खबर:शिवपुरी शहर को नशामुक्त बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे की टीम ने एक ही दिन में दो बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान राजस्थान से शिवपुरी में स्मैक खपाने आए आरोपी को 38.50 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया, वहीं करीब चार महीने से लापता 14 वर्षीय नाबालिग बालक को भी सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
10 लाख की स्मैक लेकर पहुंचा था राजस्थान का आरोपी
पुलिस के अनुसार 1 सितंबर को कोतवाली पुलिस की टीम सिंहनिवास पुल के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गुना की तरफ से बिना नंबर की काले रंग की डीलक्स मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने बाइक पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि जोगी, उम्र 32 वर्ष, निवासी घाटौली, जिला झालावाड़, राजस्थान बताया। तलाशी के दौरान उसके कमरबंद बैग से पारदर्शी पन्नी में 38.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत पुलिस ने करीब 10 लाख रुपए बताई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्मैक के अलावा 50 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल और एमआई कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया। कुल जब्त मशरूका करीब 10 लाख 55 हजार रुपए का बताया गया है।
पहले से था वांछित, तीन एनडीपीएस केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार रवि जोगी कोतवाली थाने के अपराध क्रमांक 670/26 और 673/26 में भी वांछित था। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तीन अपराध दर्ज बताए गए हैं।
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 675/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपी से स्मैक के सोर्स और नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।
तीन दिन में 72.35 ग्राम स्मैक, 17.60 लाख की बरामदगी
कोतवाली पुलिस के अनुसार पिछले तीन दिनों में नशीले पदार्थों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आरोपियों से 72.35 ग्राम स्मैक, कीमत करीब 17 लाख 60 हजार रुपए बरामद की गई है। कार्रवाई में एक बोलेरो और दो मोटरसाइकिल सहित वाहन और मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अब ऐसे लोगों की जानकारी जुटा रही है जो दूसरे जिलों और राज्यों से शिवपुरी आकर नशीले पदार्थों की सप्लाई करते हैं।
चार महीने से लापता था 14 साल का बालक, कोतवाली पुलिस ने सकुशल खोज निकाला
इसी बीच कोतवाली पुलिस ने एक दूसरी बड़ी सफलता हासिल करते हुए 23 मई से लापता 14 वर्षीय बालक को सकुशल दस्तयाब कर लिया।
पुलिस के अनुसार बालक फतेहपुर स्थित गणेश कॉलोनी, शिवपुरी में अपने घर से बिना बताए चला गया था। नाबालिग होने के कारण कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 409/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई थी।
एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति और एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में टीआई रोहित दुबे ने विशेष टीम गठित की।
पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और विश्वसनीय सूचना तंत्र के आधार पर लगातार तलाश जारी रखी और 1 सितंबर 2026 को बालक को शिवपुरी से सकुशल दस्तयाब कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
नशे के खिलाफ सख्ती और गुमशुदा बालक की तलाश—टीआई रोहित दुबे की टीम की दोहरी सफलता
एक तरफ कोतवाली पुलिस ने राजस्थान से शिवपुरी पहुंचे कथित नशा तस्कर को लाखों की स्मैक के साथ पकड़कर जेल भेजा, तो दूसरी तरफ लंबे समय से लापता नाबालिग को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया।
नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने और गुमशुदा बच्चों की तलाश में कोतवाली पुलिस की यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण के साथ संवेदनशील पुलिसिंग की भी तस्वीर पेश करती है।
सराहनीय भूमिका: टीआई रोहित दुबे, उनि. आदित्य प्रताप सिंह राजावत, उनि. सुमित शर्मा, उनि. विवेक भट्ट सहित कोतवाली पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।