खुशबू शर्मा खबर:पोहरी में दुकान का शटर उखाड़कर गल्ले में रखी 2 लाख 50 हजार रुपए की नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना पोहरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी बबलू उर्फ बाबा गोस्वामी को जेल के पास श्योपुर रोड से पकड़ा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12,500 रुपए की नकदी बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामला 24 अगस्त 2026 का है। पोहरी के मैन चौराहा, किला रोड निवासी अशोक कुमार गुप्ता पुत्र बाबूलाल गुप्ता उम्र 50 वर्ष ने थाना पोहरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने शटर निकाल दिया और दुकान के अंदर गल्ले में रखी करीब 2.50 लाख रुपए की नकदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 252/2026 दर्ज कर धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया था। बड़ी रकम की चोरी होने के कारण पुलिस के सामने आरोपियों तक पहुंचने और चोरी की रकम बरामद करने की चुनौती थी।
एसपी के निर्देश पर पुलिस ने बढ़ाई सक्रियता
सम्पत्ति संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की तलाश कर उनकी गिरफ्तारी तथा चोरी गए मशरूका की बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर.डी. प्रजापति और एसडीओपी पोहरी श्री आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना पोहरी पुलिस ने मामले की जांच को तेज किया।
थाना प्रभारी पोहरी निरीक्षक रवि चौहान ने पुलिस टीम को सक्रिय करते हुए अज्ञात आरोपियों और चोरी की रकम की पतारसी के लिए मुखबिर तंत्र को लगाया। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी।
इसके साथ ही सायबर सेल की मदद लेकर भी संदिग्ध गतिविधियों और आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए गए।
पुलिस की टीम ने मामले में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना हाथ लगी।
मुखबिर की सूचना ने खोला रास्ता
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के मामले में फरार चल रहा आरोपी बबलू उर्फ बाबा पुत्र मुन्ना गोस्वामी, उम्र 35 वर्ष, निवासी भगवती कॉलोनी पोहरी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान की घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने जेल के पास श्योपुर रोड से आरोपी बबलू उर्फ बाबा गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12,500 रुपए नकद बरामद किए। पुलिस ने बरामद रकम को प्रकरण में जब्त करते हुए आरोपी से पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
2.50 लाख की चोरी में 12,500 की बरामदगी
इस मामले में पुलिस द्वारा अब तक आरोपी के कब्जे से 12,500 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। वहीं, दुकान से चोरी गई कुल रकम करीब 2 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है और अन्य संभावित आरोपियों तथा शेष चोरी की रकम के संबंध में भी जांच की जा रही है।
पोहरी पुलिस की इस कार्रवाई से सम्पत्ति संबंधी अपराधों में फरार आरोपियों पर पुलिस की सक्रियता सामने आई है। पुलिस का कहना है कि अपराधों पर अंकुश लगाने और चोरी के मामलों में आरोपियों तक पहुंचने के लिए मुखबिर तंत्र, तकनीकी सहायता और पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी पोहरी निरीक्षक रवि चौहान, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र परिहार, प्रधान आरक्षक 200 प्रमोद सेन, आरक्षक 313 मांगीलाल गुर्जर, आरक्षक 256 रामनाथ रावत और आरक्षक 247 मुनेश धाकड़ की सराहनीय भूमिका रही।
फिलहाल आरोपी जेल में है और पुलिस चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।