कार की टक्कर से पिता-पुत्र घायल, पिता ग्वालियर रेफर
खुशबू शर्मा खबर:शिवपुरी शहर में गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल धर्मेंद्र रजक ने आरोप लगाया है कि हादसे के समय कार एक नाबालिग लड़की चला रही थी। हादसे के बाद दोनों घायलों को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद धर्मेंद्र के पिता भजनलाल रजक की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, इंद्रा कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र रजक (38) अपनी बाइक क्रमांक MP 33 ZG 5936 से न्यू ब्लॉक स्थित अपनी दुकान की ओर जा रहे थे। बाइक पर उनके पिता भजनलाल रजक पीछे बैठे हुए थे।
बताया गया है कि जैसे ही दोनों विष्णु मंदिर के पास पुलिया पर पहुंचे, तभी नीलगर चौराहे की ओर से आ रही कार क्रमांक MP 33 C 9001 ने उनकी बाइक में साइड से टक्कर मार दी। धर्मेंद्र का आरोप है कि कार तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही थी।
पिता को पसली और पैरों में गंभीर चोट
टक्कर के बाद धर्मेंद्र के बाएं पैर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। वहीं उनके पिता भजनलाल रजक को पसली, दोनों पैरों और कंधे में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद धर्मेंद्र ने अपने बड़े भाई परमानंद रजक को सूचना दी। इसके बाद दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद भजनलाल की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
धर्मेंद्र ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया है कि कार एक नाबालिग लड़की चला रही थी। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल कार क्रमांक MP 33 C 9001 और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था।
Shivpuri First — शिवपुरी की हर बड़ी खबर पर नजर।