शिवपुरी में नगर पालिका का विशेष सफाई अभियान तेज:वार्डों से लेकर प्रमुख सड़कों और नालियों तक चला सफाई का दौर:डंप कचरा हटाया और आवारा पशु भी पकड़े

Nikk Pandit
0
खुशबू शर्मा खबर:शिवपुरी शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका परिषद शिवपुरी का विशेष सफाई अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर के मार्गदर्शन में नगर पालिका का अमला शहर के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर सड़कों, नालियों, बाजार क्षेत्रों, डंप स्थलों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई में जुटा हुआ है।

अभियान के तहत थीम रोड मार्केट क्षेत्र में विशेष सफाई कर सड़क एवं आसपास जमा गंदगी को हटाया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 39 ठकुरपुरा में नालियों की सफाई कर उनमें जमा गंदगी और मलबा बाहर निकाला गया। सुबह गांधी पेट्रोल पंप से 22 भवन स्कूल तक टोंगरा रोड की नालियों की सफाई कराई गई और निकले मलबे को ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए हटाया गया।

डंप कचरे पर भी चला सफाई अमला

नगर पालिका की टीम ने पुरानी शिवपुरी सब्जी मंडी में लंबे समय से जमा डंप कचरे को ट्रॉली में भरवाकर हटाया। इसके अलावा वाजपेई की पुलिया, पुरानी शिवपुरी मठ और लुहारी केंद्र क्षेत्र में जमा कचरे को ट्रॉली एवं डंपर से उठवाकर निर्धारित स्थल तक पहुंचाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में घूम रहे आवारा पशुओं को भी पकड़वाकर आवश्यक कार्रवाई की गई।

दोपहर में वार्ड क्रमांक 35 में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यहां नालियों की सफाई के साथ आसपास जमा गंदगी को हटाया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 38 के फिजिकल क्षेत्र में भोलेनाथ मंदिर से 4 नंबर गेट तक दलेल लगाकर सड़क और आसपास के हिस्से की सफाई कराई गई। सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड के अंदर भी डस्ट फैलाने का कार्य कराया गया।

गांधी पार्क से एनएच कॉलोनी तक सफाई

नगर पालिका अमले ने गांधी पार्क के चारों ओर की सड़कों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया। इसके साथ ही सीएमओ निवास से एनएच कॉलोनी तक सफाई कराई गई। सहगल टेंट हाउस रोड तथा थीम रोड पर गुना नाके से उदयराज होटल तक सड़क किनारे जमा कचरा और गंदगी हटाई गई।

दोपहर के समय डॉक्टर मोघे के यहां से एमएम हॉस्पिटल तक महल के पीछे की रोड पर झाड़ू लगाकर सफाई कराई गई। वहीं गांधी पेट्रोल पंप से फतेहपुर कलारी तक टोंगरा रोड तथा घोड़ा चौराहा से फतेहपुर कलारी तक सर्कुलर रोड पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

नालियों की सफाई पर विशेष जोर

नगर पालिका के इस अभियान में केवल सड़क की सफाई तक सीमित न रहते हुए नालियों की सफाई, डंप कचरे की निकासी, मलबा हटाने, सड़क किनारे जमा गंदगी साफ करने, डस्ट फैलाने और आवारा पशुओं को पकड़ने जैसी गतिविधियां एक साथ संचालित की जा रही हैं। नालियों की सफाई पर विशेष जोर इसलिए भी दिया जा रहा है, ताकि जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो और गंदगी के कारण होने वाली समस्याओं को कम किया जा सके।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर ने संबंधित अधिकारियों और सफाई अमले को विशेष सफाई अभियान को लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, नालियों, डंप स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित निगरानी के साथ सफाई सुनिश्चित करने तथा नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर पालिका ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाला कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। सड़क और नालियों में कचरा नहीं फेंकें। शहर की सफाई केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों की सहभागिता से ही शिवपुरी को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)