शिवपुरी में सफाई अभियान तेज:फिजिकल रोड से थीम रोड तक चला सफाई अभियान,डंप कचरा उठाया

Nikk Pandit
0

नालियों की सफाई के साथ कीटनाशक पाउडर का छिड़काव, जन्माष्टमी रैली रूट पर कराई चूना लाइनिंग

खुशबू शर्मा:खबर शिवपुरी शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका परिषद शिवपुरी का विशेष स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर के मार्गदर्शन में गुरुवार को शहर के अलग-अलग वार्डों, प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया गया।

नगर पालिका की टीमों ने कई क्षेत्रों में नालियों की सफाई कराने के साथ सड़कों और गलियों से कचरा हटाया। वहीं डंप कचरे को जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से उठवाकर चिन्हित स्थानों की सफाई कराई गई।

फिजिकल रोड और मजिस्ट्रेट कोठियों के पास उठा कचरा

फिजिकल रोड स्थित मजिस्ट्रेट कोठियों के पास जमा कचरे को नगर पालिका की टीम ने उठवाया। आसपास के क्षेत्र में भी सफाई कराकर व्यवस्था को दुरुस्त किया गया।

थीम रोड मार्केट और गांधी पार्क में भी सफाई

थीम रोड मार्केट में विशेष सफाई अभियान चलाकर सड़क और आसपास जमा कचरा हटाया गया। गांधी पार्क एवं मानस भवन ग्राउंड में भी सफाई कराकर क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया।

जन्माष्टमी रैली रूट पर चूना लाइनिंग

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी रैली को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और रैली रूट पर विशेष सफाई कराई गई। मार्ग पर चूना लाइनिंग कराकर कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया।

वार्ड 11 में नालियों की सफाई

3 सितंबर की सुबह वार्ड क्रमांक 11 में महल के पीछे की नालियों की सफाई कराई गई। खरंजा वाली गली, टावर वाली गली और कंट्रोल वाली गली में भी नालियों की सफाई कराकर जमा कचरा एवं गाद हटाई गई।

लक्ष्मीबाई रोड समेत कई इलाकों से डंप कचरा हटाया

लक्ष्मीबाई रोड की नालियों की सफाई कराई गई। इसके अलावा कमलागंज, फतेहपुर और पुरानी शिवपुरी के अलग-अलग क्षेत्रों में जमा डंप कचरे को जेसीबी एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली से भरवाकर हटाया गया।

मीट मार्केट और सईसपुरा में नालियों की सफाई

मीट मार्केट क्षेत्र और सईसपुरा मस्जिद के पास नालियों की साफ-सफाई कराई गई। सफाई के बाद आवश्यकता वाले स्थानों पर कीटनाशक पाउडर का छिड़काव भी कराया गया।

सीवर लाइन की जांच के लिए आई टीम का कराया निरीक्षण

ग्वालियर हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में शहर में सीवर लाइन की स्थिति की जांच एवं निरीक्षण के लिए आई टीम को नगर पालिका के इंजीनियरों ने संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कराया। टीम को सीवर लाइन से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं मौके की स्थिति से अवगत कराया गया।

बारिश को देखते हुए नालियों की सफाई पर विशेष जोर

बारिश के मौसम को देखते हुए नगर पालिका द्वारा नालियों और जल निकासी वाले क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नालियों में जमा गाद और कचरा हटाकर तत्काल उठाव कराया जा रहा है, जिससे जल निकासी बाधित न हो और जलभराव की समस्या से बचा जा सके।

सीएमओ ने दिए लगातार निगरानी के निर्देश

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर ने अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों को शहर के सभी वार्डों और प्रमुख मार्गों पर लगातार सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने डंप कचरा दिखाई देने पर तत्काल उठाव कराने तथा नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा है।

नगर पालिका ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे कचरा निर्धारित कचरा संग्रहण वाहन को ही दें और सड़क, नाली अथवा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें। नगर पालिका के अनुसार शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)