खुशबू शर्मा खबर:शिवपुरी, शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका परिषद शिवपुरी का विशेष सफाई अभियान लगातार रफ्तार पकड़ रहा है। मंगलवार को शहर के कई हिस्सों में एक साथ सफाई अभियान चलाया गया। कहीं महीनों से जमा कचरा हटाया गया तो कहीं नालियों में जमी गंदगी और मलबे को बाहर निकाला गया। मुख्य मार्गों से लेकर वार्डों और कॉलोनियों तक सफाई अमला मैदान में नजर आया। झाड़ू, दलेल, ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर के जरिए गंदगी को हटाकर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास किया गया।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान में शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों, नालियों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को फोकस किया गया। अभियान का उद्देश्य केवल सड़क पर झाड़ू लगाना नहीं, बल्कि नालियों की सफाई के साथ निकले मलबे और कचरे का तत्काल उठाव करना भी है, ताकि सफाई के बाद गंदगी दोबारा उसी स्थान पर जमा न हो।
दो बत्ती चौराहे के चारों तरफ खुलीं नालियां, हंस बिल्डिंग के पीछे भी सफाई
विशेष सफाई अभियान के तहत दो बत्ती चौराहे के चारों तरफ की नालियों की सफाई कराई गई। लंबे समय से नालियों में जमा गंदगी और मलबे को हटाया गया। इसी तरह वार्ड क्रमांक 4 में हंस बिल्डिंग के पीछे आंगनबाड़ी के पास नालियों की सफाई कराकर निकले मलबे को हटवाया गया।
वार्ड क्रमांक 30, वार्ड क्रमांक 20 के कुमार मोहल्ला और वार्ड क्रमांक 37 में लश्करी गार्डन के आसपास की नालियों की भी सफाई कराई गई। वार्ड क्रमांक 33 में नाली निकलवाने का कार्य कराया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 14 फतेहपुर-माधव नगर, 28 नंबर कोठी के आसपास, मदर टेरेसा स्कूल वाली गली तथा 27 नंबर कोठी से दुबे नर्सरी वाली रोड की नालियों को भी साफ कराया गया।
टोंगरा रोड की बड़ी नाली पर चला सफाई अभियान
सुबह के समय नगर पालिका का सफाई अमला टोंगरा रोड की बड़ी नाली की सफाई में जुटा। नाली में जमा गंदगी और मलबे को बाहर निकाला गया। इसके साथ ही 27 नंबर कोठी मनियर से दुबे नर्सरी वाली रोड तक अलग-अलग स्थानों पर डंप हुए कचरे को ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से उठवाया गया।
थीम रोड मार्केट की विशेष सफाई कराई गई। थीम रोड पर ग्वालियर बायपास से कटमई तक सफाई कराई गई। ग्वालियर बायपास से करौंदी सम्मेल तक सर्कुलर रोड पर दलेल चलाकर सड़क किनारे जमा गंदगी को हटाया गया।
बायपास से आईटीआई तक सड़कें हुईं साफ
शहर के बाहरी और प्रमुख संपर्क मार्गों पर भी सफाई अभियान का असर दिखाई दिया। वार्ड क्रमांक 15 में फतेहपुर चौराहे से शिवपुरी पब्लिक स्कूल तक सड़क की सफाई कराई गई। गुना बायपास से शारदा कॉलोनी और गुना बायपास से आईटीआई चौराहे तक भी सड़क की सफाई कराई गई।
फतेहपुर कलारी से रातोर की पुलिया तक रातोर रोड पर झाड़ू लगाकर सफाई कराई गई। गांधी पार्क के चारों ओर दलेल चलाकर सड़क किनारे की गंदगी हटाई गई।
वार्डों और कॉलोनियों में भी पहुंचा सफाई अमला
नगर पालिका ने अभियान को केवल मुख्य सड़कों तक सीमित नहीं रखा। वार्ड क्रमांक 12 में दलेल से सफाई कराई गई। वार्ड क्रमांक 14 माधव नगर-फतेहपुर क्षेत्र में झाड़ू लगाई गई। वार्ड क्रमांक 34 में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, ठाकुर बाबा मंदिर और ठाकुर बाबा चौक क्षेत्र में दलेल के जरिए सफाई कराई गई।
सहगल टेंट हाउस रोड और कंचनपुरी कॉलोनी में झाड़ू लगाकर सफाई की गई। दुबे नर्सरी रोड और मलेरिया कोठी क्षेत्र में भी सफाई अभियान चलाया गया। एमएम चौराहे से पोहरी चौराहे तक भी सफाई कराई गई।
पार्कों की सफाई के साथ पौधारोपण की तैयारी
नगर पालिका ने सार्वजनिक स्थलों और पार्कों पर भी ध्यान दिया। दो बत्ती पार्क और माधव चौक पार्क की सफाई कराई गई। त्रिकोणीय पार्क में खरपतवार हटाई गई। वहीं फिजिकल रोड रामपथ पर आगामी वृक्षारोपण के लिए गड्ढे करवाए गए।
पुराने बस स्टैंड स्थित थांगा स्टैंड के कॉम्प्लेक्स और मिर्ची बाजार के कॉम्प्लेक्स की भी सफाई कराई गई।
सीवर लाइन और शहर के नालों का निरीक्षण
अभियान के बीच वन एवं पर्यावरण मंत्रालय, भारत सरकार के झील संरक्षण से संबंधित कार्य के अंतर्गत शहर की संपूर्ण सीवर लाइन और नालों का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान जल निकासी और सीवर व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया, ताकि सफाई एवं जल निकासी से जुड़ी समस्याओं को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
सिर्फ सफाई नहीं, कचरे के उठाव पर भी जोर
नगर पालिका के इस अभियान की खास बात यह है कि सफाई के बाद निकलने वाले मलबे को मौके पर छोड़ने के बजाय ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों से उठवाया जा रहा है। इससे सफाई के बाद सड़क किनारे फिर से कचरे का ढेर लगने की स्थिति को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर ने संबंधित अधिकारियों और सफाई अमले को अभियान को लगातार जारी रखने तथा शहर के सभी क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नगर पालिका की ओर से नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सड़कों और नालियों में कचरा न डालें तथा निर्धारित स्थान पर ही कचरे का निस्तारण करें। शहर को साफ और सुंदर बनाए रखने में नागरिकों की भागीदारी को भी अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब देखना यह होगा कि रोजाना चल रहा यह सफाई अभियान शहर की तस्वीर कितनी बदलता है। फिलहाल नगर पालिका का अमला जिस तरह वार्ड-दर-वार्ड, सड़क-दर-सड़क और नाली-दर-नाली सफाई में जुटा है, उससे स्वच्छ शिवपुरी अभियान को लगातार गति मिलती दिखाई दे रही है।