रामनवमी पर निकाली गई शोभायात्रा:ढोल-डीजे पर झूमते रहे युवा, बालिकाओं ने आत्मरक्षा के करतब दिखाए

Shivpuri First
0



रामनवमी के पावन अवसर पर आज रविवार को शिवपुरी शहर में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं सकल हिंदू समाज के संयुक्त तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम की शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। सड़कों के दोनों ओर भारी जनसमूह उमड़ पड़ा। इस शोभायात्रा में युवाओं के साथ महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।


पूरे मार्ग में “जय श्रीराम” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा पर जगह-जगह पुष्पवर्षा के साथ भंडारा, जलपान व स्वागत किया गया। युवाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से ढोल और डीजे के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा में एक दर्जन से अधिक डीजे शामिल रहे, जिन पर भजन और भक्ति संगीत की धुनों पर सैकड़ों युवा उल्लास से झूमते नजर आए।


शोभायात्रा में आधा दर्जन से अधिक सजी-धजी बग्गियां भी शामिल रहीं। कुछ बग्गियों पर साधु-संत विराजमान थे, वहीं अन्य पर भगवान श्रीराम, वीर हनुमान और छत्रपति शिवाजी की सुंदर झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। विशेष रूप से बालिकाओं ने आत्मरक्षा के प्रदर्शन कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


इन मार्गों से गुजरी शोभायात्रा:


शोभायात्रा का शुभारंभ दोपहर 3 बजे खेड़ापति मंदिर से हुआ। भगवान श्रीराम की झांकी के साथ राम दरबार को बग्गी में सजाया गया था। इसके बाद ढोल और डीजे के साथ शोभायात्रा काली माता मंदिर, नीलगर चौराहा, गुरुद्वारा चौराहा, अस्पताल चौराहा, कोर्ट रोड, 14 नंबर कोठी, हंस बिल्डिंग, लक्ष्मी निवास और कमलागंज रोड होते हुए माधव चौक पर पहुंची। वहां श्रीराम की महाआरती के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ।


माधव चौक पर जानकी सेना संगठन द्वारा दीप प्रज्वलित कर भगवान श्रीराम का स्वागत किया गया। शोभायात्रा के गुजरने वाले हर मार्ग पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास की छटा देखने को मिली। पूरा शहर घंटों तक भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)