पिछले पर्यटन सत्र में रिकॉर्ड 14,481 पर्यटक पहुँचे माधव टाइगर रिजर्व
माधव राष्ट्रीय उद्यान को आगामी 1 जुलाई से 30 सितम्बर 2025 तक पर्यटकों के लिए बंद कर दिया जाएगा। यह प्रतिबंध हर वर्ष की तरह मॉनसून सत्र में राष्ट्रीय उद्यानों की सुरक्षा और वन्य जीवों के संरक्षण हेतु लगाया जाता है। इस दौरान पार्क के भीतर पर्यटन गतिविधियां पूर्णतः स्थगित रहेंगी।
पर्यटन वर्ष 2024-25 (1 अक्टूबर 2024 से 31 मई 2025) के दौरान माधव टाइगर रिजर्व, शिवपुरी में कुल 14481 पर्यटकों ने भ्रमण किया, जिसमें 14467 भारतीय तथा 14 विदेशी पर्यटक शामिल रहे। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय रूप से अधिक है, क्योंकि वर्ष 2023-24 में कुल 8765 पर्यटक पहुंचे थे। यानी दो वर्षों में पर्यटकों की संख्या में करीब 65 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में टाइगर रिजर्व में बाघों को खुले क्षेत्र में छोड़ा गया है, जिससे यह क्षेत्र वन्यजीव प्रेमियों के बीच और अधिक आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। साथ ही, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पार्क के आसपास सुविधाएं बेहतर की जा रही हैं और गाइडों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
वन विभाग को उम्मीद है कि आगामी पर्यटन सत्र में यह संख्या और अधिक बढ़ेगी तथा माधव राष्ट्रीय उद्यान देश-विदेश के पर्यटकों के लिए और भी आकर्षक बनकर उभरेगा।