शिवपुरी में अवैध हथियार की फैक्ट्री मिली, एक आरोपी गिरफ्तारः दूसरा फरार; सवा लाख का सामान जब्त

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले के करैरा में पुलिस ने रविवार को ग्राम सिलारपुर में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 10 हथियार, 3 जिंदा कारतूस और हथियार बनाने का सामान बरामद किया। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

थाना प्रभारी विनोद छावई के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि विजय जाटव के पुराने घर में हथियार बनाए जा रहे थे।

पुलिस की दबिश के दौरान विजय जाटव मौके से फरार हो गया। हमीरपुर यूपी निवासी प्रताप सिंह विश्वकर्मा (50) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 315 बोर के 9 कट्टे बरामद किए। इनमें 6 तैयार और 3 अधबने हैं। 12 बोर की एक बैरल, 3 जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा भी मिला। हथियार बनाने के औजार भी जब्त किए गए हैं।

बरामद सामग्री की कीमत सवा लाख रुपए है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)