सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी में एक महिला पर सियार ने हमला कर दिया। महिला के मुंह, हाथ और पैरों में चोट आई हैं। उसके घावों से खून बहा। मामला बैराड़ थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव में मंगलवार शाम का है। महिला खेत में काम कर रही थी, तभी उस पर हमला हुआ। महिला की बेटी मौके पर पहुंच गई और शोर मचाकर मां की जान बचा ली। घायल महिला का नाम उर्मिला जाटव है।
महिला ने बताया कि वह अपने खेत में मूंगफली की फसल से मवेशियों को भगाने गई थी। इसी दौरान खेत की मेड़ पर अचानक सियार ने हमला कर दिया। उनकी चीख सुनकर बेटी मौके पर पहुंची और सियार को भगाया। हमले में उर्मिला के मुंह, हाथ की उंगलियां और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव के लोगों का कहना है कि जाफरपुर गांव सतनबाड़ा रेंज क्षेत्र में आता है। यहां पहले भी तेंदुए जैसे जंगली जानवर आते-जाते दिखाई देते हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।