सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के दिनारा थाना अंतर्गत कूड़ गांव में शुक्रवार को दो आदिवासी युवक करंट की चपेट में आ गए। यह घटना तब हुई जब दोनों युवक खेत में धान की रोपाई करने मजदूरी पर गए थे।
हादसे में 18 वर्षीय अरुण आदिवासी की मौत हो गई। दूसरा युवक आजाद आदिवासी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक ग्राम जरगुवा चक्क के रहने वाले हैं।
थनरा चौकी प्रभारी भावना राठौड़ ने बताया कि दोनों युवक ग्राम कूड़ में एक किसान के यहां धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली के तार की चपेट में आने से दोनों झुलस गए।
घटना के बाद दोनों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उन्हें करैरा रेफर किया गया। करैरा अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अरुण आदिवासी को मृत घोषित कर दिया। आजाद आदिवासी का उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।