सागर शर्मा शिवपुरी:मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (शनिवार) शिवपुरी जिले के नरवर के प्रवास पर रहे। सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित महिला सम्मेलन में उन्होंने लाडली बहनों के लिए बड़े ऐलान किए और कांग्रेस पर भी जोरदार हमला बोला।
कृषि उपज मंडी नरवर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि नवरात्रि के समय दीपावली के बाद लाडली बहनों को 1250 रुपए की जगह 1500 रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने कमिटमेंट 3000 रुपए का किया था, जिसे कुछ समय बाद पूरा किया जाएगा।बोले- कांग्रेस बहनों का अपमान करती है
सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि "नादान कांग्रेस बहनों का अपमान करती है और उन्हें शराब पीने वाली बताती है। ये कांग्रेसी चुनाव के समय फिर आएंगे, बहनों अब इन्हें जवाब आपको देना है।" उन्होंने मंच से कहा कि भारत दुनिया के उन 200 देशों में से एक है जो नारी का सम्मान करता है और इसे 'भारत माता' मानता है, लेकिन कांग्रेस इस सम्मान की अवहेलना करती है।
सीएम ने किसानों की हितकारी योजनाओं का भी ब्योरा दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने धान की फसल का बोनस दिया है और भावांतर योजना लागू कर किसानों को राहत पहुंचाई है। उन्होंने बताया कि पिछले साल सोयाबीन का भाव 4800 रुपए था, जबकि इस साल इसे 5328 रुपए कर दिया गया है। फसल हल्की होने पर बीज खरीद में सरकार लाभ देगी।56 निर्माण कार्यों का भूमि पूजन भी किया
सीएम ने बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए भी 10 करोड़ रुपए का मुआवजा देने की जानकारी दी। मंच से उन्होंने करैरा विधानसभा क्षेत्र में कई सौगातों का वितरण किया। शिवपुरी जिले में 48.90 करोड़ रुपए की लागत से 9 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 136.67 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले 56 निर्माण कार्यों का भूमि पूजन भी किया गया।
सीएम मोहन यादव ने नरवर किले तक रोपवे बनाने की योजना की घोषणा की, जिससे नरवर का पर्यटन बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा उन्होंने नरवर में ITI कॉलेज खोलने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करने, नरवर-डबरा मार्ग मगरौनी के पास सिंध नदी पर पुल निर्माण जैसी परियोजनाओं की जानकारी दी।
नरवर में आयोजित सम्मेलन में भाजपा महामंत्री रणवीर सिंह रावत, ग्वालियर ग्रामीण से सांसद भारत सिंह कुशवाह, जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव, करैरा विधायक रमेश खटीक, शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन, पिछोर विधायक प्रीतम लोधी समेत अनेक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।