शिवपुरी में कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर नारागजी; कहा- नारी, संस्कृति पर प्रहार किया:कांग्रेसी बोले- महिलाओं का अपमान कर रही भाजपा

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी में कांग्रेस ने नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर भाजपा पर निशाना साधा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहित अग्रवाल और ग्वालियर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मीनू परिहार ने एक प्रेसवार्ता में यह आरोप लगाया।

मोहित अग्रवाल ने कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर, जब पूरा देश मां दुर्गा की आराधना कर रहा है, तब भाजपा के मंत्री बहन-भाई जैसे पवित्र रिश्ते पर अमर्यादित टिप्पणी कर महिलाओं का अपमान कर रहे हैं।
उन्होंने इसे नारी शक्ति और भारतीय संस्कृति पर सीधा प्रहार बताया।

महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष मीनू परिहार ने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह खतरे में है और बलात्कार व अपहरण की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

परिहार ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2020 में 6,134 बलात्कार के मामले दर्ज हुए थे, जो 2024 में बढ़कर 7,294 हो गए। उनके अनुसार, औसतन हर दिन 20 बलात्कार और 33 अपहरण की घटनाएं दर्ज हो रही हैं। उन्होंने मंदसौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर जैसे मामलों में अपराधियों को भाजपा सरकार का संरक्षण मिलने का आरोप भी लगाया।

दोनों जिला अध्यक्षों ने कहा कि भाजपा सरकार महिला अपराधों पर खामोश रहती है, लेकिन उसके मंत्री मंच से महिलाओं को अपमानित करने में आगे रहते हैं। उन्होंने मंत्री के बयान को बहन-बेटियों की गरिमा को तार-तार करने वाला बताते हुए कांग्रेस द्वारा इसका पुरजोर विरोध करने की बात कही।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)