सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कोलारस के खालसा होटल संचालक को शुक्रवार को पुलिस ने 6 करोड़ रुपए की चरस के साथ धर दबोचा। 30.295 किलो चरस टमाटर ट्रांसपोर्ट की आड़ में नेपाल से तस्करी कर कोलारस लाई गई थी। राजस्थान के नशा माफिया को खपाने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर दी। होटल संचालक संदीप नेताओं के साथ फोटो खिंचाकर सोशल मीडिया पर अपना रुतबा दिखाता था। मामले का खुलासा एसपी अमन सिंह ने शुक्रवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम में किया।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी : कोलारस वार्ड 5 रमतला निवासी संदीप (38) पुत्र हरवंश सिंह को 4 सितंबर की रात कोटा-झांसी फोरलेन हाइवे पर मझेरा गांव के पास घेराबंदी कर कार सहित पकड़ा गया। तलाशी लेने पर कार से दो बैग में 60 पैकेट चरस मिली। कुल 30 किलो 295 ग्राम चरस की कीमत 20 लाख रु. प्रति किलो के हिसाब से 6 करोड़ रुपए आंकी गई। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
जेल से निकला, फिर जुड़ा नशे के कारोबार से
गुना पुलिस ने कुछ महीने पहले उज्जैन के दो तस्करों को 643 ग्राम अफीम (कीमत 2 लाख रु.) के साथ पकड़ा था। उन्होंने खुलासा किया था कि अफीम संदीप ने मंगाई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गुना जेल में रहते हुए संदीप की मुलाकात बंटी नाम के कैदी से हुई। उसी के जरिए राजस्थान में उसका संपर्क हुआ। जेल से एक माह पहले ही छूटे संदीप ने नेपाल से चरस मंगाई और खपाने मझेरा पहुंचा था।
संदीप ने बताया कि यूपी लखनऊ निवासी मोहन ठाकुर टमाटर खरीदने कोलारस आता था और नेपाल ले जाता था। उसी के जरिए नेपाल से यह चरस मंगाई थी।
संदीप ने 5 साल पहले हाइवे किनारे झोपड़ी में खालसा होटल खोला था। नशे के पैसों से उसने इसे दो मंजिला होटल बना लिया। हाइवे और आसपास के गांवों में करोड़ों की जमीन भी खरीद ली।
^देहात थाना पुलिस टीम ने 6 करोड़ की चरस के साथ एक आरोपी को पकड़ा है। वह इसे राजस्थान खपाने के लिए मझेरा में खड़ा था। चरस नेपाल से लखनऊ का ट्रक मालिक लाया था। मामले की जांच जारी है।'
अमन सिंह राठौड़, एसपी शिवपुरी