सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। ग्राम जटवारा के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।
मृतक की पहचान मस्तराम कुशवाह के रूप में हुई है, जो पिपलौदा तीर्थ थाना गोवर्धन का रहने वाला था। वह अपने रिश्तेदार की तेरहवीं में शामिल होकर घर लौट रहा था। लौटते समय रात करीब 8:30 बजे जटवारा स्कूल के पास यह दुर्घटना हुई।
टक्कर लगने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। घायल मस्तराम को तुरंत पोहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों को हादसे की खबर मिलने के बाद से परिजनों में शोक का माहौल है।
पोहरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वाहन की पहचान कर चालक को पकड़ा जाएगा।