शिवपुरी के अमोलपठा में अवैध क्लिनिक पर कार्रवाई: बिना योग्यता इलाज कर रहा था पप्पू बधेल; स्वास्थ्य विभाग ने दूसरी बार सील किया

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी के करैरा विकासखंड के ग्राम अमोलपठा में बिना अनुमति के चल रहे क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर छापामार कार्रवाई करते हुए सील कर दिया है। दो महीने पहले भी इसी क्लिनिक को अवैध रूप से संचालित पाए जाने पर बंद किया गया था।

बिना पंजीयन कर रहा था इलाज

सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषीश्वर ने मंगलवार को बताया कि पप्पू बघेल लंबे समय से अमोलपठा में बिना किसी शैक्षणिक योग्यता और पंजीयन के मरीजों का इलाज कर रहा था। दो महीने पहले जब स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लिनिक पर छापा मारा था, तब भी वहां इलाज और दवाएं बेचने की गतिविधियां पाई गई थीं।

उस समय विभाग ने पप्पू बघेल से प्रमाण-पत्र और वैध पंजीयन दस्तावेज मांगे थे, लेकिन वह समय सीमा में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद क्लिनिक को सील कर पुलिस कार्यवाही के लिए प्रक्रिया शुरू की गई थी।

संचालित करते दोबारा पकड़ा गया

हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जब मंगलवार को दोबारा निरीक्षण किया, तो पाया कि पप्पू बघेल ने फिर से क्लिनिक शुरू कर दी है। मौके पर मौजूद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लिनिक को दोबारा सील कर दिया है।

सीएमएचओ बोले- यह मरीजों की जान से खिलवाड़

डॉ. ऋषीश्वर ने बताया कि इस तरह की अवैध चिकित्सकीय गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि मरीजों की जान से भी खिलवाड़ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे फर्जी डॉक्टरों पर लगातार नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस को भेजी गई रिपोर्ट

स्वास्थ्य विभाग ने मामले की रिपोर्ट पुलिस को भेज दी है। अब पप्पू बघेल के खिलाफ विधि अनुसार अगली कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)