शिवपुरी में एक ही पैटर्न पर तीन घरों में चोरी: खिड़की तोड़कर घुसे चोर, परिवार को कमरे में बंद कर जेवर-नकदी ले गए

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:शिवपुरी शहर में चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाया। फिजिकल थाना क्षेत्र और कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई वारदातों में चोरों ने खिड़कियां उखाड़कर घरों में घुसपैठ की, घरवालों को बाहर से बंद किया और लाखों रुपए के जेवर व नकदी पार कर दी।

सूचना मिलने पर फिजिकल थाना और कोतवाली पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में मौके पर पहुंची। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का मानना है कि सभी वारदातों को एक ही गैंग ने अंजाम दिया है, क्योंकि तरीका बिल्कुल समान है।

पहली वारदात

शनिवार रात नरेन्द्र नगर में चोर विवेक राठौर के घर पहुंचे। किचिन की खिड़की उखाड़कर अंदर घुसे और विवेक व उनके भाइयों के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद वे विनोद की मां के कमरे में पहुंचे और अलमारी से करीब 12 तौला सोना, ढाई किलो चांदी और 80 हजार रुपए नकदी चोरी कर ले गए !

सुबह पड़ोसियों की मदद से दरवाजे खोले गए, तब चोरी का पता चला। पीड़ितों का कहना है कि चोरों ने नशीले स्प्रे का इस्तेमाल किया, क्योंकि सभी का सिर भारी हो रहा था।

दूसरी वारदात

इसी इलाके में नीरू तोमर के घर भी चोरों ने धावा बोला। उनकी पत्नी और बच्चे ग्वालियर गए थे और वे अकेले घर पर थे। चोरों ने जिस कमरे में नीरू सो रहे थे उसकी कुंडी बाहर से लगा दी और दूसरी खिड़की से घुसकर अलमारी से 20 हजार रुपए नकदी, सोने की चेन, दो अंगूठियां, एक हार और चार चूड़ियां चुरा लीं।

सुबह करीब 4 बजे नीरू ने खुद को कमरे में बंद पाया। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुला और चोरी का खुलासा हुआ।

तीसरी वारदात

उसी रात गांधी कॉलोनी में भी चोरों ने दिव्यांश सिंह भदौरिया के घर को निशाना बनाया। यहां भी बाहर से कमरों की कुंडी लगाई गई।

दिव्यांश को घर में आहट का अंदेशा हुआ और उन्होंने पड़ोसियों को फोन किया, लेकिन तब तक चोर डेढ़ लाख रुपए नकद, दो सोने की अंगूठियां, दो सोने के कंगन और दो चांदी की अंगूठियां लेकर भाग निकले।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)