रेत माफिया का वन अमले पर हमला, रेंजर ने किए हवाई फायर, जेसीबी जब्त-करैरा वन परिक्षेत्र की वीरपुर वीट में कर रहा था रेत का अवैध खनन, मामला दर्ज

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के करैरा वन परिक्षेत्र के वीरपुर टौरिया वन क्षेत्र में रेत का अवैध खनन कर रहे माफिया ने रविवार की सुबह वन अमले पर हमला कर जब्त की गई, रेत का अवैध खनन कर रही जेसीबी के छुड़ाने का प्रयास किया। बड़े हमले की आशंका को देखते हुए कार्रवाई करने वाले रेंजर दो राउंड हवाई फायर भी किए। अवैध खनन में लगी जेसीबी को जब्त किया गया। इसके साथ ही आरोपितों के खिलाफ वन अधिनियम के अलावा बीएनएस की धाराओं में भी आपराधिक प्रकरण कायम किया गया है। जानकारी के अनुसार रेंजर लक्ष्मण सिंह मीणा को ग्रामीण मुखबिरों के माध्यम से सूचना मिली कि वीरपुर टौरिया क्षेत्र में रेत माफिया कल्ली रावत, लोकेंद्र रावत निवासी ग्राम जनावरी द्वारा जेसीबी के माध्यम से रेत का अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना पर रेंजर मीणा अपने अमले को साथ लेकर बताए गए स्थान पर दबिश देने के लिए पहंचे तो वहां कुछ लोग जेसीबी से रेत का अवैध खनन करने में लगे हुए थे। वन अमले को देखकर रेत का खनन कर रहे मजदूर मौके से भाग गए। वन अमले ने अवैध रूप से रेत खनन कर रही जेसीबी और उत्खनित की गई रेत को जब्ती में ले लिया। वन अमले की टीम जब जब्त की गई जेसीबी को अपने साथ लेकर चली तो कल्ली रावत, लोकेंद्र रावत व उनके पांच से छह साथियों ने वन अमले पर हमला कर जेसीबी को छुड़ा कर ले जाने का प्रयास किया। रेंजर लक्ष्मण सिंह ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने, बल्कि उल्टा वन टीम पर हमला करने लगे। ऐसे में रेंजर लक्ष्मण सिंह मीणा ने अपनी सर्विस रिवाल्वर से दो हवाई फायर कर हमलावरों को काबू में लिया। इसके बाद एक्शन मोड में आए वन अमले को देख माफिया मौके से भाग गए। मौके से ही मामले की सूचना डीएफओ सुधांशु यादव सहित करैरा एसडीओपी आईपीएस आयुष जाखड़ को दी गई। इस पर एक ओर जहां एसडीओ फारेस्ट आदित्य सांडिल, वन अमले के उड़नदस्ता को साथ लेकर मौके पर पहुंचे, वहीं दूसरी ओर दिनारा थाना प्रभारी अमित चतुर्वेदी भी दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। जब्त की गई जेसीबी को थाने पर लाया गया। रेंजर लक्ष्मण सिह मीणा का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ वन अधिनियम की धाराओं में अधिनियम की धाराओं में तो आपराधिक प्रकरण दर्ज किया ही जा रहा है। इसके अलावा बीएनएस की धाराओं में शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने सहित अन्य आपराधिक धाराओं में भी प्रकरण कायम करवाया जा रहा है।

दस साल की कैद काट चुका है माफिया
रेंजर लक्ष्मण सिंह मीणा के अनुसार वन अमले पर हमला करने वाला रेत माफिया कल्ली रावत शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह पूर्व में भी एक आपराधिक प्रकरण में दस साल की जेल काट चुका है। उनके अनुसार कल्ली रावत के साथ आए बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ उनके आपराधिक प्रकरणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)