पीडिता ने दिया बच्ची को जन्म, न्याय के लिए भटक रही है:युवती का अपहरण और बलात्कार

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के पोहरी थाना सीमा में निवास करने वाली एक युवती के अपहरण और सामूहिक बलात्कार का मामला प्रकाश में आया है। पीडिता ने एक आवेदन के माध्यम से इस मामले की शिकायत एसपी शिवपुरी से की है। पीडिता का अपहरण कर जयपुर में सामूहिक बलात्कार किया गया,और इस बलात्कार के कारण पीड़िता गर्भवती हो गई,वर्तमान में उसके यहां ढाई माह की एक बच्ची है। पोहरी थाने में आरोपियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।

पढिए पीड़िता का आवेदन

पोहरी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला सपना पुत्री निवासी नयागांव ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को लिखित आवेदन देकर बड़े आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व जब वह घर के बाहर ताजिया जुलूस देख रही थी, तभी बड़े गांव मोहना निवासी अर्जुन पुत्र सरदार, सांवरिया, शिव सिंह, पहलवान, मोहर सिंह पुत्र लड्डू एवं बटटू पत्नी बाबू ने जबरन उसका अपहरण कर लिया और लाल रंग की जीप में बैठाकर जयपुर कालबाड़ ले गए।

महिला ने बताया कि वहां एक मकान में उसे बंधक बनाकर रखा गया और अनावेदकों ने बारी-बारी से उसके साथ बलात्कार किया। विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा जाता रहा। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई और उसके घर पर ही एक पुत्री अनमोल (आयु लगभग ढाई माह) का जन्म हुआ।

पीड़िता का आरोप है कि लंबे समय तक उसे बड़ेगांव मोहना में कमरे में बंद रखकर भूखा-प्यासा रखा गया और लगातार प्रताड़ित किया गया। जब उसने भागने की कोशिश की, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़िता के अनुसार दिनांक 9 अगस्त 2025 को आरोपियों ने उसे बसई की डांग ले जाकर हत्या करने का प्रयास किया, लेकिन किसी तरह वह उनके चंगुल से भाग निकली और रोड पर आकर बस रोककर रात करीब 10 बजे अपने घर पहुंची। वहां उसने पूरी घटना अपने परिवार को बताई।

सपना ने बताया कि उसी रात करीब 1 बजे आरोपी अर्जुन अपने साथियों सहित उसके घर पहुंचा, गंदी गालियां दीं, पत्थरबाजी की और धमकी दी कि यदि वह उसके साथ नहीं जाएगी तो पूरे परिवार को जान से मार देगा। इसके बाद से ही आरोपी लगातार फोन कर धमकियां दे रहे हैं।

पीड़िता का आरोप है कि जब वह थाना पोहरी रिपोर्ट लिखवाने गई तो पुलिस ने उसके अनुसार रिपोर्ट दर्ज नहीं की। सिर्फ अर्जुन द्वारा गाली-गलौज करने की मामूली शिकायत लिख ली गई, जबकि गंभीर आरोपों को नजरअंदाज कर दिया गया।

पीड़िता ने एसपी शिवपुरी से गुहार लगाई है कि उसके आवेदन पर गंभीरता से सुनवाई कर आरोपियों के खिलाफ बलात्कार, अपहरण और जान से मारने की धमकी देने का प्रकरण पंजीबद्ध कर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

 पीड़िता सपना ने कहा –

"मैं बीते एक वर्ष से नर्क जैसी जिंदगी जी रही हूं। मुझे बंधक बनाकर मेरी जिंदगी तबाह कर दी गई। मैं अपनी छोटी बच्ची के साथ न्याय चाहती हूं। अगर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे किसी भी दिन मुझे और मेरे परिवार को मार सकते हैं।"

ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना अत्यंत जघन्य है और पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं मामला अब एसपी शिवपुरी तक पहुंच चुका है और पीड़िता ने न्याय की उम्मीद जताई है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)