गोमाता को 'राज्य माता' घोषित करने की मांग
राष्ट्रीय सनातन सेना भारत (सनातन सर्व सेवा संघ) के जिला अध्यक्ष पुष्पेंन्द्र शर्मा ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर गोमाता को मध्यप्रदेश की 'राज्य माता' घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि गोवंश भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ज्ञापन में गौसंरक्षण के लिए अलग मंत्रालय बनाने, गोहत्या पर कड़ी सजा, गोबर-गौमूत्र की खरीदी और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने जैसी मांगें शामिल हैं।
नोहरीकलां में रास्ता बंद, किसानों को हो रही परेशानी
ग्राम नोहरीकलां के ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन देकर पुराने रास्ते को फिर से खुलवाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि सर्वे नंबर 211, 212, 119 और 120 के बीच की मेड से वे वर्षों से आते-जाते रहे हैं, लेकिन अब कुछ लोगों ने इस रास्ते को बंद कर दिया है। इससे किसानों को अपने खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है।
कुटीर आवास निर्माण में रोड़ा, पीड़िता ने मांगा न्याय
ग्राम करमईकलां की पीतम आदिवासी ने जनसुनवाई में शिकायत की कि शासन से स्वीकृत प्लॉट पर वह कुटीर आवास बनवाना चाहती हैं, लेकिन मंगल धाकड़ द्वारा निर्माण कार्य में बाधा डाली जा रही है। पीड़िता ने बताया कि उसने कई बार आवेदन दिए, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी को अब तक नहीं मिला भुगतान
कोलारस निवासी महेन्द्र कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी जीवनलता गुप्ता, जो एलएचव्ही पद से 28 फरवरी 2025 को सेवानिवृत्त हुई थीं, उन्हें अब तक जीपीएफ और समर्पित अवकाश का भुगतान नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि कई बार सीएमएचओ कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने जल्द भुगतान की मांग की।
प्रशासन ने दिए कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई में प्राप्त सभी मामलों को सुनने के बाद अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आवेदकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।