12 अक्टूबर को कांग्रेस का 'हल्ला बोल':जीतू पटवारी के नेतृत्व में गांधी पार्क में विशाल आमसभा, कार्यालय का होगा शुभारंभ

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर 12 अक्टूबर को शिवपुरी में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में गांधी पार्क मैदान में "किसान न्याय यात्रा, वोट चोरी गद्दी छोड़ -हल्ला बोल" के तहत आमसभा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे शुरू होगा।

रैली में पीसीसी चीफ, नेता प्रतिपक्ष और प्रभारी आएंगे

आमसभा से पहले जिला कांग्रेस के नए कार्यालय का भी शुभारंभ किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने बताया कि यह शिवपुरी जिले में उनके नेतृत्व में कांग्रेस का पहला बड़ा आयोजन होगा। आमसभा को कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्री केपी सिंह कक्काजू, पूर्व मंत्री एवं विधायक जयवर्धन सिंह और जिला प्रभारी विधायक पंकज उपाध्याय सहित कई वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।

खुली जीप में सवार होकर रैली निकालेंगे कांग्रेसी

कांग्रेस के कार्यकर्ता गुना बायपास स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से खुली जीपों में सवार होकर रैली निकालेंगे। यह रैली एबी रोड, झांसी तिराहा, गुरुद्वारा और माधव चौक होते हुए गांधी पार्क पहुंचेगी।

जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस पार्टी जनता को भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा किसानों से किए गए वादों को पूरा न करने के बारे में बताना चाहती है। उन्होंने कहा कि किसान आज भी एमएसपी कानून, खाद, बिजली, बीमा और कर्ज माफी जैसी सुविधाओं से वंचित हैं।

जिलाध्यक्ष ने कहा- भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त

मोहित अग्रवाल ने आगे कहा कि जनता बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और सरकार की मनमानी से त्रस्त है, वहीं महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। प्रेसवार्ता के दौरान विधायक कैलाश कुशवाह, महेंद्र अग्रवाल, सोनू गुप्ता, संजय चतुर्वेदी, राजकुमार शाक्य, विजय चौकसे, वीरेन्द्र खटीक, रामकुमार दांगी, साहब सिंह कुशवाह, योगेश करारे सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)