सागर शर्मा शिवपुरी: खबर शिवपुरी जिले की पिछोर जनपद में सहायक सचिव वीरेंद्र पटेल के साथ अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी के विरोध में मध्य प्रदेश पंचायत सचिव एवं सहायक सचिव महासंघ ने शुक्रवार को ज्ञापन सौंपा। महासंघ ने पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा और तहसीलदार को ज्ञापन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
मृत्यु प्रमाण पत्र जारी न करने पर दी धमकी
महासंघ के प्रदेश मंत्री सुरेंद्र शर्मा और जिला अध्यक्ष अजब सिंह लोधी ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी रामप्रताप कुशवाह ने सहायक सचिव वीरेंद्र पटेल पर मृतका किरण कुशवाह का मृत्यु प्रमाण पत्र पंचायत से जारी करने का दबाव बनाया। किरण कुशवाह की मृत्यु झांसी के गिलोवल मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में हुई थी।
सहायक सचिव ने नियमों का हवाला देते हुए प्रमाण पत्र जारी करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित सहायक सचिव वीरेंद्र पटेल ने भौती थाने में आवेदन दिया था, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
आंदोलन की दी चेतावनी
महासंघ के पदाधिकारियों ने पुलिस की इस लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपते समय सचिवों ने घटना से संबंधित सबूत और रिकॉर्डिंग भी अधिकारियों को प्रस्तुत किए।
एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर सचिव महासंघ के प्रदेश मंत्री सुरेंद्र शर्मा, जिला अध्यक्ष अजब सिंह लोधी, जिला महामंत्री बृजेंद्र दुबे, महिपाल सिंह चौहान, अवध शरण शर्मा कई अन्य सचिव उपस्थित थे।