काम छोड़कर हड़ताल पर बैठे कर्मचारी
हड़ताल पर गए कर्मचारियों में सफाईकर्मी, सिक्योरिटी गार्ड, वार्ड बॉय और अन्य स्टाफ शामिल हैं। उनका आरोप है कि उन्हें पिछले महीने का वेतन नहीं मिला है। डेढ़ साल से बोनस व एरियर भी बकाया है।
कर्मचारियों ने इस संबंध में आउटसोर्स कंपनी इजाइल और कॉलेज प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा था। कंपनी ने 11 अक्टूबर तक वेतन के भुगतान का आश्वासन दिया था। लेकिन 15 अक्टूबर तक भी कर्मचारियों को वेतन की राशि नहीं मिली। इसके विरोध में सभी कर्मचारी बुधवार को काम छोड़कर हड़ताल पर बैठ गए।
कामकाज छोड़कर हड़ताल पर बैठे कर्मचारी
हड़ताल से कामकाज ठप हुआ
वार्ड बॉय राधिका रजक ने बताया कि पहले यूपीडी कंपनी समय पर वेतन देती थी और राष्ट्रीय पर्वों पर भी भुगतान होता था। इजाइल कंपनी के आने के बाद यह सब बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि दीपावली नजदीक है, लेकिन पिछले महीने का वेतन भी नहीं मिला है। इस हड़ताल का असर अस्पताल की व्यवस्था पर साफ दिख रहा है। सफाई व्यवस्था ठप होने से वार्डों में गंदगी बढ़ गई है, वहीं सिक्योरिटी गार्ड और वार्ड बॉय न होने से मरीजों तथा उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कंपनी ने कहा बुधवार शाम तक वेतन दे दिया जाएगा
इस मामले में इजाइल कंपनी के सुपरवाइजर धीरज कुमार ने कहा है कि बुधवार शाम तक सभी कर्मचारियों को वेतन उपलब्ध करा दिया जाएगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि बुधवार तक उन्हें वेतन नहीं मिला, तो वे अपनी हड़ताल को अनिश्चितकाल के लिए जारी रखेंगे।